Top Prayagraj News of the day, 19 April 2020 : बहरिया में युवक की हत्या, माइनर में मिली लाश
बहरिया में युवक की हत्या कर दी गई। माइनर में उसकी लाश मिली। रविवार आधी रात से टोल प्लाजा चालू हो जाएंगे। प्रयागराज में अब कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज नहीं है।
प्रयागराज, जेएनएन। बहरिया के रुहेरा गांव निवासी अनिल यादव नामक युवक की हत्या कर दी गई। माइनर में उसकी लाश मिली। गला लुंगी से बंधा था और पास में खून लगा डंडा पुलिस ने बरामद किया। वहीं 25 मार्च से लॉकडाउन होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने अपने सभी टोल प्लाजा को बंद कर दिया था। अब इसे रविवार की रात से से खोल दिया जाएगा। इसी क्रम में प्रयागराज जिले में अब कोरोना वायरस के संक्रमित एक भी मरीज नहीं है। कोरोना वायरस के मरीजों के मामले में प्रयागराज की स्थिति अन्य जनपदों से काफी बेहतर है। एक ही पाजिटिव मरीज मिला था जो इंडोनेशियाई था, अब वह भी ठीक हो चुका है।
बहरिया में युवक की हत्या, माइनर में मिली लाश
बहरिया थाना क्षेत्र के रुहेरा ग्राम सभा निवासी बाबा यादव का 30 वर्षीय पुत्र अनिल यादव की हत्या कर दी गई। बसौढ़ा माइनर में रविवार की शाम को उतराती लाश मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के साथ ही बगल खून लगे डंडे को कब्जे में ले लिया। बिलखते परिजन भी वहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात में पार्टी में शामिल होने घर से निकला था। उसके बाद घर नहीं लौटा। हालांकि फौरी तौर पर मामला आशनाई से जोड़ा जा रहा है। फिलहाल पुलिस तहकीकात कर रही है।
आज आधी रात से चालू हो जाएंगे टोल प्लाजा
25 मार्च से लॉकडाउन होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने अपने सभी टोल प्लाजा को बंद कर दिया था। अब इसे रविवार की रात से से खोल दिया जाएगा। इससे एक बार फिर टोल प्लाजा पर चहल-पहल नजर आएगी, वरना अभी तक यहां सन्नाटा ही पसरा था। देश में लॉकडाउन के साथ ही एनएचएआइ को अपने सभी टोल प्लाजा बंद करने का निर्देश जारी हो गया था। प्रयागराज परिक्षेत्र में कोखराज, नवाबगंज, सोरांव, सहसों, हंडिया, लाला नगर, मुंगारी, हर्रो और अमरोहा का टोल प्लाजा बंद कर दिया गया था। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने एनएचएआइ को 20 अप्रैल से टोल प्लाजा चालू करने का निर्देश दिया है। रविवार की शाम से टोल प्लाजा पर कर्मी खड़े हो जाएंगे।
कोरोना वायरस से संक्रमित एक भी मरीज अब प्रयागराज में नहीं
प्रयागराज जिले में अब कोरोना वायरस के संक्रमित एक भी मरीज नहीं है। कोरोना वायरस के मरीजों के मामले में प्रयागराज की स्थिति अन्य जनपदों से काफी बेहतर है। एक ही पाजिटिव मरीज मिला था जो इंडोनेशियाई था, अब वह भी ठीक हो चुका है। जिले में अब तक कुल 420 संभावित मरीजों के सैैंपल की जांच कराई जा चुकी है। उसमें से 377 की रिपोर्ट आई है और एक को छोड़कर सभी निगेटिव रही। जो एक पॉजिटिव आई थी, वह भी अब निगेटिव हो गई है। वहीं 43 सैंपल के रिपोर्ट का इंतजार है।