Top Prayagraj News of the day, 6 September 2019, हाईवे पर ट्रक ने साइकिल सवार सगी बहनों को रौंदा, मौत पर रास्ताजाम
जहां ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार सगी बहनों की मौत पर गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम किया वहीं गला रेतकर महिला की हत्या की गई। इसी क्रम में बालक के अपहरण का बदमाशों ने प्रयास किया।
प्रयागराज, जेएनएन। हंडिया में हाईवे पर ट्रक ने सगी बहनों को कुचल दिया। उनकी मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर माने। वहीं नवाबगंज थाना क्षेत्र के सराय रामदासपुर उर्फ नेवादा गांव में विवाहिता की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इसी प्रकार प्रतापगढ़ के कटरा मेदनीगंज में दिनदहाड़े बोलेरो सवारों ने 10 वर्षीय बालक के अपहरण का प्रयास किया। सफल न होने पर उसकी पिटाई करने लगे। लोगों को आता देख छोड़कर फरार हो गए।
हाईवे पर ट्रक ने साइकिल सवार सगी बहनों को रौंदा, मौत पर रास्ताजाम
हंडिया में जीटी रोड पर साइकिल सवार दो छात्राओं को शुक्रवार की सुबह ट्रक ने कुचल दिया। उनकी मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को किसी प्रकार समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। तब जाकर करीब एक घंटे बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ। वासुपुर गांव के वाहन चालक संजय यादव दो बेटियां रूपाली 15 कक्षा नौ की और खुशी 12 कक्षा छह की छात्रा थीं। वह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हंडिया में पढ़ती थीं। शुक्रवार की भी सुबह रूपाली और खुशी साइकिल से कॉलेज जा रही थीं। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दिया। इससे दोनों बहनें सड़क पर गिर गईं। इसके बाद वाहन लेकर भागते समय ट्रक रूपाली और खुशी को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। वाहन छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया।
नवाबगंज में गला रेतकर महिला की हत्या, पति घर से गायब
नवाबगंज थाना क्षेत्र के सराय रामदास पुर उर्फ नेवादा गांव में विवाहिता की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की दोपहर घर के बरामदे में खून से लथपथ शव मिला। हत्या से पूर्व पति घर से कहीं चला गया था और बच्चे स्कूल-कॉलेज गए थे। सराय रामदास पुर उर्फ नेवादा गांव का रहने वाला राकेश पटेल मुंबई में काम-धंधा करता है। गांव स्थित घर में उसकी 45 वर्षीय पत्नी संगीता देवी अपने 18 वर्षीय पुत्र और 16 और आठ वर्षीय पुत्रियों के साथ रहती थी। इन दिनों पति भी मुंबई से गांव आया है। बताते हैं कि शुक्रवार की सुबह पत्नी से कहासुनी होने के बाद बिना किसी को कुछ बताए मोबाइल छोड़कर घर से चला गया। तीनों बच्चे भी स्कूल और कॉलेज चले गए। दोपहर में संगीता की हत्या हो गई। पुलिस तहकीकात कर रही है।
बालक के अपहरण का प्रयास, नाकाम होने पर बदमाश भागे
प्रतापगढ़ के कटरा मेदनीगंज में शुक्रवार की दोपहर बोलेरो सवारों ने 10 वर्षीय बालक के अपहरण का प्रयास किया। सफल न होने पर उसकी पिटाई करने लगे। यह वारदात बदमाशों ने घर में घुसकर की। इसी दौरान लोगों को अपनी ओर आते देख बालक को छोड़कर बदमाश वाहन से फरार हो गए। ग्रामीणों की की सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने बालक से पूछताछ की। अशरफ 10 पुत्र मोहम्मद रज्जाब निवासी टेऊंगा स्थानीय महेंद्र प्रताप पब्लिक स्कूल फुलवरियां में कक्षा पांच का छात्र है। वहीं दूसरा पुत्र मोहम्मद आदिल बीबीएस एकेडमी फुलवरियां में कक्षा तीन का छात्र है। शुक्रवार की दोपहर एक बजे विद्यालय की छुट्टी होने पर अशरफ की मां गुलशन बानो उसे लेकर घर जा रही थी। घर के निकट पुल के बगल में अशरफ को छोड़कर गुलशन दूसरे बेटे आदिल को लेने उसके स्कूल गई। इधर अशरफ घर के पास गेट पर पहुंचा तभी बोलेरो सवार चार लोगों ने अपहरण का प्रयास किया था।