Top Prayagraj News of the day, 3 September 2019, कार्यकर्ताओं को चेला न समझें पार्टी के नेता : स्वतंत्र देव
प्रतापगढ़ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत हुआ। वहीं मेजा में आकाश से गिरी बिजली की जद में आकर एक की मौत व तीन झुलसे। सड़क हादसे में युवक की जान चली गई।
प्रयागराज, जेएनएन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मंगलवार को प्रतापगढ़ में थे। उनका कई जगह स्वागत हुआ। बूथ सम्मेलन में उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सफलता के टिप्स दिए। वहीं मेजा में आकाशीय बिजली की जद में आने से वृद्ध चरवाहे की मौत हो गई, जबकि तीन झुलस गए। इसी क्रम में प्रतापगढ़ जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र के पनिगों चौराहे के पास सड़क हादसे में नर्सिंग होम कर्मी की मौत हो गई।
कार्यकर्ताओं को चेला न समझें पार्टी के नेता : स्वतंत्र देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मंगलवार को प्रतापगढ़ में थे। सदर सीट के उपचुनाव को लेकर मंथन करने और टिकट के दावेदारों की हकीकत परखने के लिए आए थे। उनका जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। चिलबिला में आयोजित बूथ सम्मेलन में उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी के नेताओं और टिकट के दावेदारों को बता दिया कि उनकी नेतागीरी कार्यकर्ताओं के बल पर है। वह अपनी सोच बदलें, कार्यकर्ता को भाग्य विधाता समझें, चेला नहीं। बूथ सम्मेलन में एक-एक मंडल, बूथ, सेक्टर के अध्यक्ष और प्रभारी संयोजक की हाजिरी ली। उनको खड़ा कराकर पता किया कि कौन आया है, कौन नहीं। इसके बाद स्वत्रंत देव ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही सब कुछ हैं।
आकाश से गिरी बिजली, एक चरवाहे की मौत व तीन झुलसे
मेजा थाना क्षेत्र के सोरांव गांव में मंगलवार की दोपहर आसमान में छाए बादलों के बीच से बिजली गिरी। इसकी जद में आने से मवेशी चराने बाग में गए चार चरवाहे गंभीर रूप से झुलस गए। सोरांव एवं मटिही (बचकूंदा) गांव की सीमा पर बाग है। मंगलवार की दोपहर को बाग में मटिही गांव निवासी अजायब लाल पटेल 58 पुत्र संगम लाल, अरविंद कुमार पुत्र स्व. सुब्बा लाल व रेखा पुत्री फूलचंद्र जैसल मवेशियों को चरा रहे थे। बाग के सामने स्थित ईंट-भïट्टे पर मजदूरी करने वाले पप्पू का 12 वर्षीय बेटा शनी भी भïट्टे के खच्चरों को चराने के लिए बाग में गया था। दोपहर में हुई बारिश से बचने को सभी पेड़ के नीचे खड़े हो गए। अचानक आकाश से बिजली बिजली की जद में आने से अजायब लाल पटेल मौके पर मौत हो गई। जबकि अन्य तीन गंभीर रूप से झुलस गए।
बाइक सवार नर्सिंग होम कर्मी की सड़क हादसे में मौत
प्रतापगढ़ जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र के पनिगों चौराहे के पास सोमवार की रात सड़क हादसे में नर्सिंग होम कर्मी की मौत हो गई। वह नर्सिंग होम से बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी होने पर बिलखते परिजन भी वहां पहुंचे। उधर टक्कर मारने के बाद वाहन लेकर चालक फरार हो गया। मरने वाला बिजलीपुर वन गढ़वा कंचनपुर गांव निवासी अवधेश कुमार 22 पुत्र रामफेर संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में एक नर्सिंग होम का कर्मचारी था। अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।