Top Prayagraj News of the day, 29 July 2019, सड़क हादसों में कांवरिया समेत दो की गई जान
प्रतापगढ़ में हादसों में कांवरिया समेत दो की मौत हुई दो जख्मी हुए। कौशांबी में करंट से महिला ने दम तोड़ा। शास्त्री पुल पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कांवरियों पर फूल बरसाए।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ में दो जगह हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। संग्रामगढ़ व नगर कोतवाली के सकरनी नदी के पुल के निकट हुआ। मरने वालों में एक कांवरिया था। वहीं कौशांबी स्थित पिपरी के गांजा गांव में करंट की जद में आने से एक महिला की मौत हो गई। इसी क्रम में शास्त्री पुल पर कांवरियों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने फूल बरसाए। इसके माध्यम से हिंदू-मुस्लिम एकता का मिसाल पेश किया।
सड़क हादसों में कांवरिया समेत दो की मौत, दो घायल
प्रतापगढ़ में हुए सड़क हादसों में कांवरिया समेत दो श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत हो गई। पहली घटना में संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के गुलनार गांव का कांवरिया संतराम (52) अपने बेटे मोहित के साथ घुइसरनाथ धाम में जलाभिषेक कर सोमवार की सुबह बाइक से घर वापस लौट रहा था। संग्रामगढ़ के ही नरई चौराहे के पास बाइक सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। इसमें संतराम की मौत हो गई, जबकि मोहित की हालत नाजुक है। दूसरा हादसा कोतवाली नगर के सकरनी नदी के पुल पर सोमवार को हुआ। इसमें अंतू थाना क्षेत्र के इसीपुर गांव के शैलेश सिंह की मौत हो गई। इनकी बाइक को किसी वाहन ने रविवार की रात में टक्कर मार दी। वह बेलखरनाथ जा रहे थे। हादसे में बाइक पर बैठा साथी कांवरिया कुलदीप घायल हो गया। उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया।
पंखे में उतरे करंट की जद में आने से महिला की मौत
कौशांबी स्थित पिपरी के गांजा गांव में करंट की जद में आने से एक महिला की मौत हो गई। गांजा निवासी जितेंद्र कुमार यादव की 40 वर्षीय पत्नी सुबह मवेशियों को चारा देने गई थी। गोशाला में पडेस्टर फैन भी रखा हुआ था। बिजली के बोर्ड में प्लग लगा होने के कारण पंखे में करंट आ रहा था। मवेशियों को चारा देते समय अचानक आशा का हाथ पंखे में छू गया। हुआ यूं कि पंखे में उतरे करंट की जद में आकर महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे स्थानीय अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दिए बिना मृतका का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
कांवडिय़ों पर पुष्पवर्षा कर मुस्लिमों ने पेश की सौहार्द की मिसाल
सावन के दूसरे सोमवार पर गंगा-जमुनी की तहजीब कहे जाने वाले शहर प्रयागराज में कुछ अलग नजारा दिखा। शास्त्री पुल पर जुटे मुस्लिम युवा और बुजुर्गों ने आपसी भाईचारा कायम रखने की नजीर पेश की। उन्होंने गंगाजल लेकर काशी धाम जा रहे श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। साथ ही कांवडिय़ों को फल वितरित कर उनके मंगल यात्रा की कामना की। सभी ने शिवशंकर का उद्घोष भी किया।
उन्होंने अपने हाथों में पोस्टर भी ले रखा था। उस पर मजहब नहीं सिखाता, आपस में वैर रखना और आपस में प्रेम करो देशवासियों...जैसे स्लोगन लिखे थे। यह नजारा शास्त्री पुल पर आवागमन करने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप