राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश को धमकी
पीड़ित ने पूर्व सांसद अतीक अहमद, उनके भाई पूर्व विधायक अशरफ व मो. तालिब उर्फ एसपी सिटी, फरहान, अकबर और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रयागराज : बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल को जान से मारने की धमकी मिली है। इससे परेशान पीड़ित ने पूर्व सांसद अतीक अहमद, उनके भाई पूर्व विधायक अशरफ व मो. तालिब उर्फ एसपी सिटी, फरहान, अकबर और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। धूमनगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयंतीपुर मुहल्ले में रहने वाला उमेश पाल बसपा विधायक की हत्या और खुद के अपहरण के मुकदमे की पैरवी करते हैं। कुछ दिन पहले उमेश पाल अपने साथी से मिलने के लिए लाल बिहारा मुहल्ले में गए थे। आरोप है कि शाम करीब पांच बजे वह जैसे ही कार से उतरे, तभी मो. तालिब अपने दो साथियों के साथ आ गया। उसने गाली-गलौज करते हुए धमकाया कि मुकदमे की पैरवी बंद कर दो।
विरोध पर तालिब के साथियों ने तमंचा सटा दिया। फिर तालिब ने मोबाइल से फोन मिलाया और कहा कि फरहान से बात करो। जेल में बंद फरहान ने अतीक और अकबर ने अशरफ का नाम लेकर कत्ल की धमकी दी। फोन कटते ही तालिब सुधरने की धमकी देते हुए वहां चला गया। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पर शिकायत की। इंस्पेक्टर धूमनगंज संदीप मिश्रा का कहना है कि फरहान व अकबर इस समय नैनी जेल में नहीं है। दोनों को पहले ही दूसरी जेल में भेजा जा चुका है। कॉल डिटेल रिपोर्ट (सीडीआर) निकलवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अतीक अहमद इस वक्त देवरिया जिले की जेल में बंद है और अशरफ फरार है।
गुर्गे पुकारते हैं एसपी सिटी :
पुलिस के मुताबिक, मरियाडीह गांव का मो. तालिब पूर्व सांसद का दाहिना हाथ माना जाता है। अतीक गैंग के लिए तालिब ही डीलिंग करता है। वह जिसको चाहता है, वही गैंग में रहता है। शहर का पूरा काम तालिब संभालता है। इस कारण अतीक के गुर्गे तालिब को एसपी सिटी के नाम से पुकारते हैं। कहा जा रहा है कि फरहान व अकबर इस वक्त प्रतापगढ़ जेल में बंद हैं।