भारतीय जनता पार्टी में मंडल अध्यक्ष के पदों पर है कड़ी टक्कर Prayagraj News
यमुनापार के 20 में 13 मंडलों में रविवार को तथा सात मंडलों में सोमवार को नामांकन हुआ। गंगापार के 25 में 15 मंडलों में पहले दिन तथा 10 मंडलों में सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल हुए।
प्रयागराज,जेएनएन : भाजपा संगठन चुनाव अब दिलचस्प मोड़ पर आ गया है। लगभग हर मंडल में कड़ी टक्कर है। कई मंडलों में तो एक दर्जन से ज्यादा दावेदार सामने आ गए हैैं। महानगर, गंगापार और यमुनापार में 60 मंडल अध्यक्ष पद के लिए तीन सौ से ज्यादा लोगों ने नामांकन किया है। इससे अब आम सहमति बनाने में चुनाव अधिकारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है। नामांकन की रिपोर्ट मंगलवार को क्षेत्रीय और प्रदेश कार्यालय को भेजी जाएगी। जिले के चुनाव अधिकारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल बुधवार को आएंगे और सर्किट हाउस में सभी दावेदारों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद ही नामों पर मुहर लग सकेगी।
जिले के 60 मंडल अध्यक्ष पदों के लिए रविवार को 35 मंडलों में नामांकन हुए थे जबकि सोमवार को 25 मंडलों में दावेदारों ने नामांकन किया। महानगर में 15 मंडल अध्यक्ष पदों पर पहले दिन आठ और दूसरे दिन सात मंडलों में नामांकन हुए। यमुनापार के 20 में 13 मंडलों में रविवार को तथा सात मंडलों में सोमवार को नामांकन हुआ। गंगापार के 25 में 15 मंडलों में पहले दिन तथा 10 मंडलों में सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल हुए। यहां के कौडि़हार मंडल में सबसे ज्यादा 14, सहसो में 11 दावेदार हैैं जबकि सबसे कम बरौत व सैदाबाद में दो-दो दावेदार हैैं। पार्टी हाईकमान की ओर से निर्देश जारी हुए हैैं कि मंडल अध्यक्ष पद पर आम सहमति से चुनाव कराया जाना है जिसके लिए चुनाव अधिकारी स्थानीय पदाधिकारियों की मदद से जुट गए हैैं।
हर मंडल से एक जिला प्रतिनिधि भी:
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया है कि प्रत्येक मंडल से एक जिला प्रतिनिधि का चुनाव भी किया जाना है। भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता अपने मंडल से जिला प्रतिनिधि चुने जाने के लिए आवेदन 16 अक्टूबर को सर्किट हाउस में जमा कर सकता है। जिला प्रतिनिधि के लिए उम्र का कोई बंधन नहीं है।