यह है प्रयागराज में शांतिपुरम कॉलोनी, नगर निगम की सफाई व्यवस्था का यहां खुल रहा है दावा
शांतिपुरम कॉलोनी के लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सेक्टर ई मोहल्ले की नाली और सीवर ध्वस्त हो गया है। इसके चलते गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। गंदगी और दुर्गंध के चलते लोगों का जीना मुहाल है।
प्रयागराज, जेएनएन। जनपद के फाफामऊ क्षेत्र में स्थित शांतिपुरम कॉलोनी में प्रयागराज नगर निगम के सभी दावे फेल दिखते हैं। यहां आने पर आपको पता चलेगा कि साफ-सफाई एवं देखरेख की जिम्मेदारी निभाने वाले नगर निगम प्रशासन कितना उदासीन है। साफ-सफाई के नाम पर निगम की ओर से करोड़ों रुपये हर वर्ष खर्च किया जाता है। नालों और नालियों की सफाई करवाने का दावा भी किया जाता है लेकिन इसकी जमीनी हकीकत बिल्कुल उलट है।
शांतिपुरम कॉलोनी के लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सेक्टर ई मोहल्ले की नाली और सीवर ध्वस्त हो गया है। इसके चलते गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। गंदगी और दुर्गंध के चलते लोगों का जीना मुहाल है। यहां मौजूदा साफ-सफाई की भी व्यवस्था चरमरा गई है। यदि नगर निगम ने शीघ्र ध्यान नहीं दिया तो कॉलोनी गंभीर बीमारी की चपेट में आ जाएगी।
आप भी जानें कि क्या कहते हैं आवंटी
कॉलोनी में निवास कर रहे हैं डॉक्टर अरविंद मिश्रा का कहना है कि साफ-सफाई नहीं होने के चलते हैं नालियां बिल्कुल गंदगी और कूड़ा से पट गई हैं। कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई मगर कोई ध्यान नहीं देता।
आलोक सिंह का कहना है कि यहां पर नियमित साफ-सफाई नहीं होती जिसके चलते मच्छरों की भरमार है। इसके अलावा कभी भी कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं कराया गया।
बोले, नगर निगम के जोनल अधिकारी
नगर निगम विभाग के जोनल अधिकारी रविंद्र सिंह का कहना है कि कॉलोनी के अंदर समस्याओं को लेकर लोगों की शिकायतें मिली हैं। जल्दी निस्तारण कराया जाएगा।