शादी से मुकरा युवक तो थाने में प्रेमिका ने खाया जहर
एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्र ने बताया कि थाने में दोनों पक्ष बात कर रहे थे। युवक ने शादी करने से इन्कार किया तो लड़की ने जहर खा लिया। वह जिला अस्पताल में भर्ती है।
प्रयागराज : प्रतापगढ़ जनपद के कंधई थाने में सोमवार दोपहर चल रही पंचायत के दौरान प्रेमी के शादी करने से मुकरने पर प्रेमिका ने जहर खा लिया। इससे थाने में अफरातफरी मच गई। एसओ ने फौरन होमगार्ड और परिजनों के साथ किशोरी को जिला अस्पताल भेजा, यहां उसका इलाज चल रहा है।
कंधई थाने के दिलीपपुर क्षेत्र के एक गांव की 17 साल की लड़की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। उसका गांव के ही दूसरी बिरादरी के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि इस बात से किशोरी के परिजन अनजान थे। रविवार की शाम वह घर से भागकर प्रेमी के घर पहुंच गई और रात भर वहीं रही। सोमवार को सुबह वह प्रेमी से शादी करने की बात कहने लगी तो उसने इन्कार कर दिया। यह सुनते ही मानो उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई हो।
प्रेमी ने किशोरी के परिजनों के साथ ही हंड्रेड डायल पुलिस को बुला लिया। पुलिस लड़की और उसके परिजनों को थाने ले गई। वहां किशोरी ने पूरी बात एसओ को बताई। इसके बाद प्रेमी और उसके परिजनों को थाने बुलाया गया। दोपहर के समय दोनों पक्ष में पंचायत चल रही थी। पंचायत में प्रेमी ने शादी करने से इन्कार कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर किशोरी ने अपने पास रखा जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। यह देखते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। एसओ ने फौरन परिजनों और होमगार्ड के साथ लड़की को जिला अस्पताल भेजा। यहां उसका इलाज चल रहा है। लड़की के पिता का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। युवक के शादी से मुकरने पर उनकी बेटी ने जहर खा लिया। जहर युवक ने ही खरीदकर उनकी बेटी को दिया था।
इस बारे में एसओ संजय शर्मा का कहना है कि जिला अस्पताल में भर्ती लड़की की हालत खतरे से बाहर है। युवक और उसके परिजन घर चले गए। एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्र ने बताया कि थाने में दोनों पक्ष बात कर रहे थे। युवक ने शादी करने से इन्कार किया तो लड़की ने जहर खा लिया। वह जिला अस्पताल में भर्ती है।