Lockdown में शहर का सन्नाटा बता रहा, हारेगा कोरोना वायरस Prayagraj News
जिन सड़कों से रोजाना हजारों वाहन गुजरते रहे हैं। वहां पुलिसप्रशासन की गाडिय़ों के अलावा इक्का दुक्का वाहन ही नजर आ रहे हैं। शहर के प्रमुख इलाकों की ड्रोन कैमरे से ली गई तस्वीरें।
प्रयागराज,जेएनएन। लॉकडाउन 3 की शुरुआत आज से हो गई। शहर में हर तरफ सन्नाटा है। कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते लॉकडाउन से शहर की आबो-हवा बदल गई है। प्रदूषण कम होने से प्रयागराज शहर और भी खूबसूरत हो गया है। शहर का यह नजारा बयां कर रहा है कि कोरोना जरूर हारेगा और शहर जीतेगा। आम दिनों में शहर में जिन जगहों पर हर समय चलह-पहल और सैकड़ों लोगों की भीड़ रहती थी। वहां हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। जिन सड़कों से रोजाना हजारों वाहन गुजरते रहे हैं। वहां पुलिस,प्रशासन की गाडिय़ों के अलावा इक्का दुक्का वाहन ही नजर आ रहे हैं। लेकिन शहर का यह सन्नाटा सुकून देने वाला साबित होगा। शहर के प्रमुख इलाकों की ड्रोन कैमरे से ली गई तस्वीरें।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय का विज्ञान संकाय
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में सुबह से लेकर शाम तक छात्रों की भीड़ रहती थी। लेकिन लॉकडाउन के कारण विश्वविद्यालय बंद है। इसके चलते विज्ञान संकाय स्थित मैदान में सन्नाटा है। मैदान की हरी-भरी घास से खूबसूरती और बढ़ जाती है। हर तरफ सन्नाटा है और सन्नाटा काफी सुकून देता है।
महाराणा प्रताप चौराहा
महाराणा प्रताप चौराहा शहर के प्रमुख चौराहों में से एक है। इस चौराहे से हर दिन हजारों की संख्या में गाडिय़ां गुजरती है। वाहनों के आवागमन से चौबीस घंटे गुलजार रहने वाले इस चौराहे पर भी सन्नाटा है।
कोतवाली का इलाका
पुराने शहर यानी कोतवाली का इलाका। यहां शहर के प्रमुख बाजार हैं। यहां कभी सुबह से शाम तक जाम की स्थिति रहती थी। लेकिन लॉकडाउन में यहां भी सन्नाटा है।
पत्थर गिरजाघर चौराहा
सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजा घर चौराहा शहर के प्रमुख चौराहों में से एक है। इन दिनों लॉकडाउन में वाहनों का आवागमन कम हुआ तो प्रदूषण भी कम हुआ। इससे इस चौराहे की खूबसूरती और भी बढ़ गई है।