Deepavali Festival : धनतेरस के लिए सज गया है शहर का ठठेरी बाजार Prayagraj News
शहर में बर्तनों का सबसे बड़ा बाजार ठठेरी बाजार है। खास तौर से चार प्रकार की धातुओं पीतल स्टील अल्युमीनियम और तांबा के बर्तन बाजार में उपलब्ध हैं।
प्रयागराज,जेएनएन: धनतेरस और दीपावली के लिए ठठेरी बाजार सज गया है। बर्तन कारोबारियों ने नई डिजाइन के बर्तन मंगाकर दुकानों में लगा लिए हैं। धीरे-धीरे बाजार में रौनक भी आने लगी है। लेकिन व्यापारियों की सारी उम्मीद धनतेरस की खरीदारी से बंधी है। कारोबार अच्छा होने की उम्मीद जरूर है, पर पिछले वर्ष की तरह बाजार में बूम की संभावना कम है।
शहर में बर्तनों का सबसे बड़ा बाजार ठठेरी बाजार है। खास तौर से चार प्रकार की धातुओं पीतल, स्टील, अल्युमीनियम और तांबा के बर्तन बाजार में उपलब्ध हैं। गाडिय़ों की तरह कई दुकानों में पुराने बर्तनों के लिए एक्सचेंज ऑफर भी दिए जा रहे हैं। हालांकि, धनतेरस पर यह ऑफर नहीं रहेगा। स्टील के रेट में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 35-40 रुपये प्रति किग्रा. तक की वृद्धि हुई है। अन्य धातुओं के बर्तनों में बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। बहरहाल, काफी समय से सुस्त पड़े बर्तन बाजार में खरीदारी के लिए लोग निकलने लगे हैं, पर भारी के बजाय हल्के बर्तनों को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। थोक कारोबारी विवेक रस्तोगी बताते हैं कि पिछले वर्ष की तुलना में फिलहाल इस बार बाजार करीब 40 फीसद तक कमतर है, लेकिन धनतेरस में कारोबार उठने की पूरी उम्मीद है। वह बताते हैं कि जरूरत के मुताबिक लोग बर्तन खरीद रहे हैं। थोक कारोबारी अनिल कुमार का कहना है कि ऑनलाइन कारोबार ने रिटेल व्यापार को लगभग 30 से 35 फीसद तक प्रभावित किया है। वह बताते हैं कि बड़े बर्तनों के बजाय लोग थाली, गिलास, डिब्बे आदि खरीद रहे हैं।
30 से 40 करोड़ का होता था कारोबार :
व्यापारियों का कहना है कि हर वर्ष धनतेरस और दीपावली पर करीब 30 से 40 करोड़ रुपये का कारोबार होता था।
धातु का नाम- रेट (रुपये प्रति किग्रा.)
स्टील- 150 से 400
पीतल - 450 से 600
अल्युमीनियम- 180 से 280
तांबा - 450 से 750