गोशाला को समृद्ध करने में दें सहयोग : स्वामी जीतेंद्रानंद सरस्वती Prayagraj News
झूंसी स्थित गोधाम में गोपाष्टमी महोत्सव आयोजित हुआ। इसमें विहिप के केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंपत राय और स्वामी जीतेंद्रानंद ने गो पूजन किया।
प्रयागराज, जेएनएन। गोपाष्टमी के मौके पर झूंसी स्थित गोधाम परिसर में भव्य कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में शामिल हुए स्वामी जीतेंद्रानंद सरस्वती ने स्वर्गीय अशोक सिंहल के योगदान को याद किया। कहा कि अशोक सिंहल हिंदू हृदय सम्राट थे। उन्होंने जीवन भर हिंदू समाज को जागृत करने के लिए तपस्या की। यहां पर गोशाला की शुरुआत करके उन्होंने ही गो सेवा की पहल की थी, जिसे अब और विस्तार देने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि इस गोशाला को समृद्ध करने में सहयोग दें।
बोले, समाज के लोगों को आगे आने की जरूरत
उन्होंने कहा कि गीता, गंगा, गाय और गायत्री की रक्षा के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना चाहिए। गो आधारित कृषि व्यवस्था से समाज का विकास होगा। सत्ता भरोसे रहेंगे तो कुछ नहीं होगा, इसके लिए समाज के लोगों को आगे आना होगा। गोशाला के सचिव विवेक पांडेय ने गाय के वैज्ञानिक महत्व के बारे में बताया। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद गौरक्षा विभाग काशी प्रांत के महामंत्री लाल मणि तिवारी, गुलाब राज पांडेय, अशोक देवड़ा, बृजमोहन गुप्ता, महेंद्र मौर्य, संतोष कुशवाहा आदि मौजूद थे।
विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने भी किया पूजन
इसके पूर्व गोशाला में सुबह पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने गाय की पूजा की और गुड़ खिलाया। इसके बाद वह अयोध्या के लिए रवाना हो गए। पहुंचे स्वामी जीतेंद्रनंद सरस्वती ने गाय की पूजा की और गुड़ खिलाया। इसके बाद शाम को फूलपुर की सांसद केसरी देवी भी पहुंची और गो पूजा की। सांसद ने आश्वासन दिया कि वह गोशाला की बाउंड्रीवाल बनवाएंगी।
गोबर से बनेगी आर्गेनिक खाद
गोपाष्टमी महोत्सव में गोधाम गोशाला के अध्यक्ष डॉ. संत कुमार जैन ने कहा कि आने वाले समय में गोधाम गोशाला को और अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जाएगा। गाय के गोबर से आर्गेनिक खाद के साथ दवा भी बनाई जाएगी। तभी अशोक सिंहल का सपना पूरा होगा।
गाय की सेवा से मिलता है पुण्य
संकीर्तन भवन श्री प्रभुदत्त ब्रह्मचारी आश्रम में सोमवार को गोपाष्टमी महोत्सव मनाया गया। आश्रम के प्रबंधक स्वामी रामानुजाचार्य महाराज ने विधि विधान के साथ गायों की पूजा की। उन्हें गुड़ खिलाया। कहा कि गाय हमारी माता हैं। इनकी सेवा करने से हमें पुण्य की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर बसंत तिवारी, प्रमोद पाण्डेय, रामजी त्रिपाठी, हरिओम मिश्रा, विपिन मिश्रा समेत बीएड के छात्र मौजूद रहे।