मौसम का हाल : दिन में गर्मी, शाम को धूलभरी आंधी और रात में बूंदाबांदी Prayagraj News
सुबह से ही वातावरण में गर्मी चरम पर थी। दोपहर में धूप की किरणें लोगों को झुलसा रही थीं। वहीं शाम को अचानक मौसम पलटा और धूलभरी आंधी चलने लगी।
प्रयागराज, जेएनएन। मौसम अपनी रौ में है। रविवार को सुबह से शाम चार बजे तक तीखी धूप थी तो शाम को अचानक धूलभरी आंधी चलने लगी। आंधी की रफ्तार तेज होने के कारण टीन शेड व पोस्टर बैनर आदि उड़ गए। अचानक आई पछुआ हवाओं से अधिकतम तापमान में कमी आई तो न्यूनतम पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम की इस करवट से रात में बूंदाबांदी भी हुई। सोमवार की सुबह हवा ने गर्मी को कम ही रखा। सूर्य की किरणों के साथ गर्मी बढ़ने लगी है।
दिन में तेज गर्मी ने किया परेशान
रविवार की सुबह से ही पछुआ हवा चल रही थी। चिलचिलाती धूप के कारण करीब नौ बजे ही लू चलने का एहसास होने लगा था। दोपहर में सूर्य की किरणें मानो आग बरसाती प्रतीत हुईं। कमोवेश, यह स्थिति शाम चार बजे तक रही। इसके बाद पछुआ हवा आंधी में परिवर्तित हो गई। आसमान में बादल छा गए और फिर तेज धूलभरी आंधी चलने लगी। शुरुआत में आंधी की रफ्तार करीब 70 किलोमीटर के बीच थी। आंधी के चलते जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। टीन शेड और पोस्टर बैनर उड़ गए। झुग्गियां भी अस्तव्यस्त हो गईं। रात में बूंदाबांदी भी हुई। इसका असर सुबह तक दिखा। सुबह तो राहत रही लेकिन नौ बजे के बाद से सूरज की किरणें ज्यों-ज्यों तेज हो रही है, गर्मी का वर्चस्व भी बढ़ने लगा है।
तापमान
अधिकतम - 45.3 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम - 33.4 डिग्री सेल्सियस
कहता है मौसम विभाग
मौसम की इस करवट से शनिवार की तुलना में रविवार को अधिकतम पारा 2.1 लुढ़ककर 45.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि, न्यूनतम तापमान 1.6 बढ़कर 33.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 47.4 और न्यूनतम पारा 31.8 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विज्ञानी प्रो. सविंद्र सिंह का कहना है कि दो-तीन दिनों से तापमान ज्यादा चढ़ गया था, इसलिए गर्मी को नियंत्रित करने के लिए पश्चिम से तेज हवाएं चलीं। गुजरात के पास फिर से चक्रवात आ गया है। इससे दो-तीन दिनों में बूंदाबांदी होने के फिर आसार बन रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप