Weather Report of Prayagraj : 60 किमी की रफ्तार की आंधी ने उड़ाए टीन शेड, झमाझम बारिश Prayagraj News
रात में मौसम ने फिर रुख बदला। आसमान में बादल छाए और धूलभरी आंधी चलने लगी। आंधी अपने साथ बारिश भी लेकर आई। इससे शहर व ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
प्रयागराज, जेएनएन। मौसम का मिजाज वाकई में इन दिनों लोगों की समझ से परे ही है। पिछले दो दिनों से रात में आंधी और बारिश हो रही है। शनिवार के बाद रविवार की रात में भी मौसम ने एकाएक करवट लिया। रात में करीब दस बजे के बाद 55-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने के साथ झमाझम बारिश हुई। इस आंधी में शहर में जगह-जगह टीन, होर्डिंग, बैनर, पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गए। कई इलाकों की बिजली भी गुल हो गई।
शनिवार की रात में भी आंधी, बारिश व ओलावृष्टि हुई थी
मौसम शनिवार से ही खराब हो गया था। शनिवार को भी शहर के साथ ही ग्रामीण अंचल और पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ में आंधी और बारिश हुई थी। यमुनापार के ग्रामीण इलाकों में तो ओले भी गिरे थे। वहीं रविवार को दिन में आसमान साफ होने से कड़क धूप निकल आई। रात होते ही मौसम ने फिर रुख बदल लिया। पहले आसमान में बादल छाए और रात में करीब दस बजे के बाद धूलभरी आंधी चलने लगी। आंधी अपने साथ बारिश भी लेकर आई और कुछ देर में झमाझम बारिश होने लगी। बारिश से सड़कों पर कई जगह जलभराव भी हो गया।
अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की कमी
आंधी और बारिश से जनपद में अधिकतम पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से भी काफी राहत मिली। हालांकि न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। मौसम विभाग ने शनिवार रात में 0.3 मिमी बारिश रिकार्ड किया था।
बोले मौसम विज्ञानी
मौसम विज्ञानी प्रो. सविंद्र सिंह बताते हैं कि इस सीजन में काल वैशाखी बन जाती है। पश्चिम बंगाल में इसका असर ज्यादा रहता है लेकिन इसका प्रभाव यूपी और बिहार में भी होता है। उन्होंने बताया कि उत्तर-पूरब की तेज हवाएं चल रही है। अगर हवा का रुख बदला और दक्षिण-पश्चिम की हवा हो गई तो जमकर बारिश होगी।
तापमान अधिकतम न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस में)
शनिवार 38 22
रविवार 33.5 23.1
आंधी ने उड़ाई बिजली, कई मोहल्लों में आपूर्ति ठप
आंधी से रविवार की रात में शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था लडख़ड़ा गई। बिजली-पानी का संकट खड़ा हो गया। विद्युत आपूर्ति ठप होने से जलापूर्ति प्रभावित हो गई। कई मोहल्लों में नलकूप न चलने से लॉकडाउन में लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। रविवार रात की आंधी के कारण पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करेली, धूमनगंज, सिविल लाइंस, राजापुर, तेलियरगंज, टैगोर टाउन, जार्जटाउन, अल्लापुर, दारागंज, सलोरी, बघाड़ा, कटरा, मुट्ठीगंज, कीडगंज, चौक, कर्नलगंज, रामबाग, बैरहना आदि इलाके अंधेरे में डूब गए। इन मोहल्लों में देर रात ही आपूर्ति बहाल हो सकी। कई स्थानों पर तार टूटने, ट्रांसफार्मर में गड़बड़ी, फ्यूज उडऩे, केबल में फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हुई।