प्रतापगढ़ जिले में किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गिरफ्तार, भारत बंद का नहीं दिखा असर
केंद्र सरकार द़वारा किसानों के आंदोलन की अनदेखी किए जाने को लेकर विरोध में शुक्रवार को भारत बंद का आह्वान किया गया था। जिले के कुछ किसान नेता जहां दिल्ली गए हुए हैं वहीं किसान सभा ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रयागराज, जेएनएन। संयुक्त किसान मोर्चा के शुक्रवार को भारत बंद के आह्वान का जिले में कुछ खास असर देखने को नहीं मिला। दिल्ली बार्डर पर किसानों के संघर्ष को चार माह का समय पूरा हो चुका है। केंद्र सरकार द़वारा किसानों के आंदोलन की अनदेखी किए जाने को लेकर विरोध में शुक्रवार को भारत बंद का आह्वान किया गया था। जिले के कुछ किसान नेता जहां दिल्ली गए हुए हैं वहीं किसान सभा ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उधर कुंडा में किसान नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। किसान सभा के महामंत्री निर्भय प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपाध्यक्ष देवेंद्र शुक्ल एवं कम्युनिस्ट पार्टी के जिलामंत्री राम बरन सिंह ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देते हुए कहा कि किसानों की मांगों को पूरा किया जाए।
प्रदेश अध्यक्ष को आवास से पुलिस ने किया गिरफतार
कुंडा प्रतिनिधि के अनुसार संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के आह्वान का कुंडा में कोई असर नहीं रहा। इसके तहत मानिकपुर पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राज कुमार पांडेय निवासी मनार लोकईयापुर, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव कमला कांत शुक्ल, ब्लाक अध्यक्ष राम कैलाश सरोज व तहसील अध्यक्ष शशि दुबे को उनके आवास से गिरफ्तार कर थाने ले गए। वहां पर देर शाम तक सभी पदाधिकारी पुलिस हिरासत में थाने में बैठाए रहे। रानीगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में किसान नेताओं के भारतबंद का असर नहीं रहा।