प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर सपा ने सौंपा ज्ञापन
प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के सोमवार को एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपा।
जासं, प्रयागराज : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा। जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव एवं महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्ते़खार हुसैन ने कहाकि प्रदेश में जंगलराज है। किसान, नौजवान, मजदूर सब परेशान हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बलिया में एसडीएम एवं सीओ की मौजूदगी में भाजपा नेता द्वारा एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रदेश के अन्य जनपदों में भी अपराध का ग्राफ इतना बढ़ गया है कि आम आदमी भयभीत है। कहा कि धान क्रय केंद्रों पर बिचौलियों की मनमानी चल रही है। इस दौरान पूर्व प्रदेश प्रवक्ता केके श्रीवास्तव, एमएलसी बासुदेव यादव, पंधारी यादव, गुलाब सिंह यादव, नागेंद्र सिंह पटेल, सत्यवीर मुन्ना, रामसेवक पटेल, पूजा पाल, संदीप पटेल, डॉ. मानसिंह यादव, निधि यादव आदि मौजूद रहे। सनातन परंपरा को बनाए रखने को हुआ भाजपा का उदय
जासं, प्रयागराज : भाजपा के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए सोमवार को ठाकुर दीन हाता में शिविर लगाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने पं. दीनदयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण से की गई।
काशी क्षेत्र के महामंत्री अमरनाथ मौर्या ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सनातन परंपरा को बनाए रखने व तुष्टीकरण को रोकने के लिए भाजपा का उदय हुआ है। प्रत्येक कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी के हित में कार्य करें। इस मौके पर पूर्व पार्षद भोला तिवारी, डॉ. कीर्तिका अग्रवाल, दर्शना सिंह, दिनेश विश्वकर्मा, ओपी द्विवेदी, गिरि बाबा, वरुण केसरवानी, राजेश केसरवानी आदि ने विचार रखे।