सपा और कांग्रेस हंगामे के चलते मंत्री सुरेश खन्ना की बैठक का स्थान बदला
सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हंगामे के कारण शाम प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना की समीक्षा बैठक का स्थान अचानक बदल दिया गया।
इलाहाबाद (जेएनएन)। सर्किट हाउस में सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हंगामे के कारण गुरुवार शाम प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना की समीक्षा बैठक का स्थान अचानक बदल दिया गया। बैठक का स्थान ठीक पांच मिनट पहले सर्किट हाउस से बदलकर पुलिस लाइन किया गया। ऐसे में अफसर आनन-फानन में पुलिस लाइन पहुंचे। उल्लेखनीय है कि आज सुरेश खन्ना ने अग्नि अखाड़ा का आश्रम बनाने के लिए मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया। इसके बाद भवन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
मंत्री का घेराव और तकरार
इलाहाबाद में सड़कों और सीवर की दुर्दशा को लेकर समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस के कार्यकर्ता मंत्री का घेराव करने के लिए सर्किट हाउस पहुंचे थे। इस दौरान वे नारेबाजी करने लगे तो भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ता सामने आ गए। इससे तकरार की स्थिति उत्पन्न हो गई तो पुलिस ने सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सर्किट हाउस के बाहर कर दिया। इसके बाद कांग्रेस और सपा कार्यकर्ता मुख्य गेट पर प्रदर्शन करने लगे, तब पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें भगाया। इस दौरान दोनों दलों के आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
कुंभ कार्य के लिए महंतों ने मांगा धन
कुंभ के मद्देनजर अखाड़ों में हो रहे स्थायी निर्माण की वास्तविकता देखने आए नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से महंतों ने पहले मिली धनराशि को नाकाफी बताया। सबने एक स्वर में कहा कि एक करोड़ रुपये से अखाड़ों में उचित स्थायी निर्माण नहीं हो सकता, यह धनराशि बढ़ाई जाए। इस पर मंत्री सुरेश खन्ना ने मुख्यमंत्री से वार्ता कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। बारिश के बीच उन्होंने हर अखाड़ों के आश्रमों का निरीक्षण किया। स्टांप तथा न्यायालय शुल्क, पंजीयन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री नंदगोपाल गुप्त नंदी, महापौर अभिलाषा गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान साथ रहे।
अखाड़ों में घूमे सुरेश खन्ना
सुरेश खन्ना सुबह सबसे पहले बड़ा उदासीन अखाड़ा गए। इसके बाद निर्मल, पंचायती, जूना, आवाहन, अग्नि, निर्मोही, निरंजनी, निर्वाणी अनी, महानिर्वाणी, अटल व आनंद अखाड़ा के आश्रम गए। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि व महामंत्री महंत हरि गिरि के साथ उन्होंने अखाड़ा के आश्रमों में बन रहे संत व भक्त निवास देखे। जूना अखाड़ा व महानिर्वाणी अखाड़ा में काम थोड़ा सुस्त मिलने पर कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद को निर्देश दिया कि हर हाल में अक्टूबर तक सारा काम गुणवत्ता के साथ पूरा हो जाना चाहिए। बताया कि कुंभ में अखाड़ों व संत-महात्माओं को बेहतर सुविधा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। महंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रयाग आगमन पर अखाड़ों के आश्रमों में बेहतर काम कराने के लिए को डेढ़ करोड़ रुपये सरकार से और दिलाने का आश्वासन दिया था। अखाड़ों पदाधिकारियों ने मंत्री सुरेश खन्ना से उसी धनराशि को अतिशीघ्र दिलाने की मांग की है, उन्होंने मुख्यमंत्री से जल्द वार्ता करके उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।