सपा, कांग्रेस ने शहर में बेलगाम अपराध को बताया सरकार की विफलता Prayagraj News
सपा और कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई गई। इसमें तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रयागराज, जेएनएन। समाजवादी पार्टी ने जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है। लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद जिस तरह से अपराध का ग्राफ बढ़ा है उसे संगठन ने क्रमवार एकत्र किया और उत्तर प्रदेश पार्टी हाईकमान के पास भेजा है। इस संबंध में जिला कार्यालय में हुई मासिक समीक्षा बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि हाईकमान का निर्देश मिलते ही बूथ स्तर पर मतदाताओं को एकजुट करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। उधर, कांग्रेसियों ने भी कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए भाजपा पार्षद के हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
सपाइयों ने शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई
समाजवादी पार्टी की बैठक में जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव और जिला महासचिव दूधनाथ पटेल ने शहर में कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए इसी मुद्दे को चर्चा के केंद्र में रखा। उन्होंने कहा कि सरेआम हत्याएं हो रही हैं। छोटे और बड़े अपराधों में बाढ़ आ गई है। जिलाध्यक्ष ने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। बैठक में इंद्रनाथ मिश्र, जीतलाल, महाबली यादव, वकार अहमद, बच्चा नेता, नाटे चौधरी आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस नेता बोले, पार्षद पर हमला करने वाले शीघ्र गिरफ्तार किए जाएं
उधर कांग्रेस पार्षद दल के नेता मुकुंद तिवारी ने पार्षद शिव कुमार पर जानलेवा हमले की निंदा करते हुए तत्काल हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था का इन दिनों प्रदेश में बहुत ही बुरा हाल है। बैठक में गिरफ्तारी की मांग करने वालों में अशोक सिंह, मुमताज अंसारी, रंजन प्रजापति, अल्पना निषाद, तसलीम उद्दीन, जिया उबैद, शबनम, मीरा कुमारी आदि उपस्थित रहे।