बासघाट में रास्ते के विवाद में चली गोली, एक घायल
कोराव थाना क्षेत्र के बासघाट गाव में रास्ते के विवाद को लेकर मंगलवार की शाम लगभग पांच बजे दो पक्षों में हुए विवाद को लेकर मामला बढ़ गया और गोली चल गई। इसमें एक पक्ष का एक व्यक्ति घायल हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
लेड़ियारी : कोराव थाना क्षेत्र के बासघाट गाव में रास्ते के विवाद को लेकर मंगलवार की शाम लगभग पांच बजे दो पक्षों में हुए विवाद को लेकर मामला बढ़ गया और गोली चल गई। इसमें एक पक्ष का एक व्यक्ति घायल हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बासघाट गाव में तीन किलोमीटर सड़क स्वीकृत हुई है, जिसमें 1300 मीटर सड़क बनाई जा चुकी है। आगे निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी बीच दो पक्षों में विवाद हो गया। जेसीबी मशीन से कराए जा रहे कार्य को एक पक्ष के ग्रामीणों ने बंद करा दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों के द्वारा गोली चला दी गई जिसमें रजनीश पटेल पुत्र राजेश्वरी प्रसाद सिंह के सिर में गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक बासघाट में 65 बीघे जमीन में दर्जन भर लोग पट्टेदार हैं जिसमें गाव के ही रावेंद्र प्रताप सिंह के द्वारा पट्टा धारकों को कब्जा नहीं दिया जा रहा है। तीन महीने से रास्ते का विवाद भी चल रहा था। मंगलवार को नदी पर बने रपटे के पास मिट्टी पटान कार्य कराया जा रहा था कि इसी बीच विवाद हुआ और गोली चली जिसमें रजनीश घायल हो गया है। घायल व्यक्ति के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष कोराव थाने पहुंचे जहा पुलिस द्वारा कार्रवाई की माग की गई। देर शाम थाने पहुंचे लोगों में साधु आदिवासी, रामराज कोल, हीरालाल पाल, रामदास पाल, निराशा देवी, कमला देवी, सुनीता कोल, जगदीश पाल, सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे। मंगलवार रात इलाकाई पुलिस घटना का स्थलीय मौके का निरीक्षण कर जाच में जुटी हुई थी। देर रात तक मुकदमा नहीं दर्ज हो सका था और न ही किसी की गिरफ्तारी ही हो सकी थी। घायल रजनीश पटेल का कहना है कि अगर कोराव पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं की तो उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी। विवादित सड़क का निर्माण फर्म द्वारा दो वर्ष से कराया जा रहा है लेकिन विवाद के चलते काम पूरा नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में इंस्पेक्टर कोराव चंद्रभान सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।