प्रयागराज में पत्नी से विवाद के बाद दुकानदार ने खुद को मार ली गाेली, मौत
शुक्रवार दोपहर उसकी पत्नी मायके जाने को तैयार हुई। अमर ने उसे रोका जिस पर दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद वह नीचे दुकान में पहुंचा और गोली मार ली ।
प्रयागराज,जेएनएन। करेली थाना क्षेत्र के नारायणपुर करेलाबाग इलाके में शु्क्रवार दोपहर किराना व्यवसायी ने खुद को गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के पीछे पत्नी से विवाद बताया जाता है। सूचना पाकर सीओ, इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की। घटनास्थल से तमंचा और खोखा बरामद किया गया।
पत्नी के मायके जाने को लेकर हुआ विवाद
करेली थाना क्षेत्र के नारायणपुर करेलाबाग निवासी श्याम सुंदर साहू का पुत्र अमर सिंह साहू (27) की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व कौशांबी जनपद के रोही गांव की रहने वाली नेहा साहू से हुई थी। विवाह के करीब तीन वर्ष बाद नेहा ने पुत्री को जन्म दिया। परिवार का खर्च चलाने के लिए अमर ने घर के नीचे किराने की दुकान खोल रखी थी। शुक्रवार दोपहर उसकी पत्नी मायके जाने को तैयार हुई। अमर ने उसे रोका, जिस पर दोनों में विवाद हो गया। कुछ देर बाद करीब 1:30 बजे अमर ऊपर के कमरे से नीचे दुकान में पहुंचा और तमंचा निकालकर मत्थे के बीचो-बीच गोली मार ली।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
फायरिंग की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद नेहा अपनी पांच वर्ष की पुत्री काव्या को लेकर नीचे दुकान में पहुंची तो अमर लहूलुहान जमीन पर पड़ा था। वह चीखने चिल्लाने लगी तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अमर को लेकर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर सीओ प्रथम, इंस्पेक्टर करेली मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से तमंचा और कारतूस का खोखा बरामद किया। मृतक की पत्नी नेहा और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इंस्पेक्टर करेली संजय सिंह का कहना है कि अमर सिंह साहू और उसकी पत्नी के विवाद हुआ था, जिस कारण अमर ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
श्याम सुंदर ने अमर को लिया था गोद
श्याम सुंदर साहू के कोई औलाद नहीं थी। जिस कारण उन्होंने अपने भाई हीरालाल साहू से अमर को बचपन में ही गोद ले लिया था। श्याम सुंदर ने बड़े अरमान से उसे पाला था और उसका नाम अमर रखा था।