यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 04, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Shine City Fraud: सीएमडी से मिलने दुबई जाने वाले लोग जांच एजेंसी की रडार पर
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने दो दिन पहले एक लाख के इनामी कंपनी के एडिशनल डायरेक्टर मोहम्मद जसीम खान को ...और पढ़ें

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। करोड़ों रुपये की ठगी करने वाली रियल एस्टेट कंपनी शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम से मिलने के लिए कुछ लोग दुबई गए थे। भारत से भागने के बाद राशिद पहले नेपाल गया और फिर वहां से दुबई पहुंचा। इसके बाद उसने दुबई में एक बहुत बड़ा सेमिनार आयोजित किया, जिसमें प्रयागराज और आसपास के जिले के कई शख्स शामिल हुए थे। वहां उन्हें डिजिटल मुद्रा शाइन क्वाइन में निवेश करवाने का प्लान बताया गया। दुबई से वापस लौटने के बाद कंपनी से जुड़े डायरेक्टर व दूसरे लोगों ने शाइन क्वाइन के नाम पर ठगी शुरू की। अब दुबई जाने वाले शख्स जांच एजेंसी के रडार पर आ गए हैं। उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाने के साथ ही तलाश होने लगी है।
गिरफ्तार मोहम्मद जसीम ने पूछताछ में बताए कई राज
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने दो दिन पहले एक लाख के इनामी कंपनी के एडिशनल डायरेक्टर मोहम्मद जसीम खान को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। गिरफ्तारी के बाद जब उससे पूछताछ हुई तो कंपनी की योजनाओं और ठगने के तरीके के बारे में पता चला। साथ ही उसने राशिद, आसिफ और दुबई में सेमिनार से लेकर उसमें शिरकत करने वालों के बारे में भी कई जानकारी दी है। बताया जाता है कि शहर का एक प्रापर्टी डीलर, कौशांबी का भट्ठा मालिक और रियल एस्टेट से जुड़े कई शख्स दुबई गए थे। अब इन्हें भी पकड़ने और पूछताछ करने की तैयारी तेज की गई है।
कमीशन लेने वाले भी जांच के दायरे में
शाइन क्वाइन, लग्जरी वाहन समेत अन्य योजनाओं में ग्राहकों को फंसाकर ठगी करने और उसका बड़ा कमीशन लेने वाले भी जांच के दायरे में हैं। अधिकारियों का कहना कि जावेद और उसके कुछ साथियों की तलाश चल रही है, जिसके बाद उनसे पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राशिद का आडियो हुआ वायरल
कंपनी के एमडी आसिफ नसीम की गिरफ्तारी के बाद सीएमडी राशिद नसीम का एक आडियो वायरल हुआ है, जो चर्चा का विषय बना है। करीब 15 मिनट के आडियो में वह न्यायालय के बुलाने पर भारत आने की बात कह रहा है। साथ ही कंपनी से जुड़े लोगों को परेशान नहीं होने और अदायगी करने का दावा कर रहा है। हालांकि आडियो उसी का है अथवा नहीं, इस पर भी जांच हो रही है।
