RSS Shakha Kumbh : क्षेत्र प्रचारक बोले-अगले वर्ष 95 वर्ष पूरे होने पर प्रयागराज में बड़ा आयोजन होगा Prayagraj News
परेड मैदान का नजारा आज अलग ही है। हर ओर भगवा लहरा रहा है। जी हां यहां आरएसएस का शाखा कुंभ का आयोजन किया गया है। हजारों की संख्या में आरएसएस कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार ने कहा कि प्रयागराज में चारों भाग महानगर उत्तरी, दक्षिणी, यमुनापार, गंगापार और कौशांबी में शाखाएं बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने संघ के 94 वर्ष की लंबी यात्रा का सारांश रखा। बताया कि 2020 में संघ की स्थापना के 95 वर्ष पूरे होंगे। इस अवसर पर परेड मैदान पर संघ बड़ा आयोजन करेगा, जिसमें बड़े राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे।
हर-हर, बम-बम और वंदेमातरम के उद्घोष से परेड मैदान गूंज उठा
संगम तट के पास स्थित परेड मैदान पर रविवार सुबह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शाखा कुंभ के शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर हर-हर, बम-बम, वंदेमातरम और भारत माता की जय से क्षेत्र गूंज उठा है। परेड मैदान में भगवा लहरा उठा है। राष्ट्र सेवा की भावना से ओतप्रोत इस आयोजन में लगभग दस हजार स्वयं सेवक शिरकत कर रहे हैं। इसमें उष्ण व्यायाम, खेल, गीत के साथ पथ संचलन कार्यक्रम हुआ।
'एक नया इतिहास रचें हम' उद्देश्य के साथ शाखा कुंभ का आयोजन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रयाग, महानगर की ओर से 'एक नया इतिहास रचें हम' उद्देश्य के साथ आज रविवार को संगम स्थित परेड मैदान पर शाखा कुंभ का आयोजन किया गया है। स्वयंसेवकों की टोली पहुंच गई है। सबसे पहले शाखा की टोलियों की ओर से ध्वज मंडल निर्माण और रंगोली का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद शाखा टोली द्वारा उष्ण व्यायाम, खेल, व्यायाम योग, गीत के साथ पथ संचलन शुरू हुआ।
आरएसएस कार्यकर्ताओं में जोश व उत्साह
सूर्य नमस्कार, अमृत वचन, एकल गीत, सुभाषित, बौद्धिक और चंदन के साथ सुभाषित, बौद्धिक और चंदन कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र हैं। इस शाखा कुंभ में आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल जी का उद्बोधन होगा।
प्रयागराज उत्तर भाग और दक्षिण भाग के स्वयं सेवक हिस्सा ले रहे है
प्रयाग विभाग के विभाग प्रचारक कृष्ण चंद्र ने बताया कि शाखा कुंभ की तैयारियों को लेकर व्यापक स्तर पर स्वयंसेवकों का पंजीकरण कराया गया। परेड मैदान पर 10 हजार से अधिक की तादाद में स्वयंसेवकों के एकत्रित होने का अनुमान है। इसके लिए दस रुपये शुल्क के साथ पंजीकरण कराया गया। 30 नवंबर को पंजीकरण का अंतिम दिन था। कृष्णचंद्र ने बताया कि इस शाखा कुंभ में प्रयागराज उत्तर भाग और दक्षिण भाग के स्वयं सेवक हिस्सा ले रहे हैं। दोनों भागों के 29 नगरों से तीन-तीन सौ स्वयं सेवकों का इस समारोह में हिस्सा लेने के लिए पंजीयन हुआ है। इसके अलावा वरिष्ठ पदाधिकारी भी शिरकत करेंगे। शाखा कुंभ की तैयारियों की शनिवार को वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आयोजन स्थल पर जाकर समीक्षा भी की।
बाल स्वयंसेवकों में भी नजर आ रहा उत्साह
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से परेड मैदान में आयोजित शाखा कुंभ में बड़ों के साथ ही बाल स्वयंसेवकों में भी गजब का उत्साह नजर आ रहा है। वह भी निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। राष्ट्र सेवा की भावना से ओतप्रोत बाल स्वयंसेवकों ने भी उष्ण व्यायाम के साथ पथ संचलन आदि कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं।