यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रयागराज में बड़ा दुस्साहस, भगवा झंडा फाड़ा और मियांपुर बाजार को हिंदू विहीन करने की दी धमकी
Prayagraj News प्रयागराज के मियां का पूरा गांव में श्री हनुमत रामलीला कमेटी की ओर से पिछले 54 वर्षों से ...और पढ़ें

UP News: प्रयागराज, जेएनएन। सरायममरेज के मियां का पूरा (मनुपुर) गांव में बुधवार रात कुछ लोगों ने रामलीला मैदान के गेट पर लगे भगवा झंडा को फाड़ दिया। हिंदू देवी-देवताओं, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए मियांपुर बाजार को हिंदू विहीन करने की धमकी दी। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने विरोध किया तो उनसे गाली-गलौज करते हुए माहौल खराब करने की कोशिश की।
छह नामजद आरोपितों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने कमेटी और बजरंग दल के पदाधिकारियों की शिकायत पर मो. फैज, गुड्डू, वसीम, शाहरुख, अराफात खान, आसिफ अली, अजगर अली उर्फ बोड्डा, मोनिश व डेढ़ सौ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही छह नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
54 वर्षों से रामलीला का मंचन
बताया जाता है कि सरायममरेज के मियां का पूरा गांव में श्री हनुमत रामलीला कमेटी की ओर से पिछले 54 वर्षों से रामलीला का मंचन करवाया जा रहा है। बुधवार शाम रामलीला मैदान के गेट पर भगवा झंडा लगाया जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान फैज तमाम युवकों के साथ आ गया और भगवा झंडा लगाने से रोक दिया। इसको लेकर विवाद हुआ तो अभियुक्त भगवा झंडा फाड़कर फेंकने लगे।
रामलीला बंद करवाने की धमकी
कमेटी और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया तो गाली-गलौज करते हुए रामलीला बंद करवाने की धमकी दी। तब तक वहां दर्जनों और युवक आ गए और हिंदू देवी-देवताओं से लेकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए पूरे क्षेत्र को हिंदू विहीन करने की धमकी दी। खबर पाकर सरायममरेज समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो झंडा फाड़ने वाले युवक वहां से भाग निकले।
धार्मिक भावनाओं को भड़काने का केस
घटना के बाद रामलीला कमेटी के विजय कुमार साहू, बजरंग दल के संयोजक बृजेश यादव सहित अन्य ने पुलिस को लिखित शिकायत की, जिसके आधार पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा लिखा गया। सरायमरेज थानाध्यक्ष तरुणेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश चल रही है। एसपी गंगा पार अभिषेक अग्रवाल के मुताबिक घटना के संबंध में तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात की गई है। शांति-व्यवस्था में खलल डालने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
