पीओके मिलने पर पूरा देश मनाएगा दीवाली : आरएसएस कार्यकारिणी सदस्य Prayagraj News
आरएसएस का रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। कार्यकारिणी सदस्य सुभाष राव ने कहा कि पीओके मिला तो देश में दीवाली मनाई जाएगी। रक्षाबंधन का उत्सव श्रेष्ठ संस्कार विकसित करता है।
प्रयागराज, जेएनएन। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के खत्म होने से देश भर में खुशी की लहर है। जिस दिन पाक अधिकृत कश्मीर भारत में पूरी तरह मिल जाएगा, उस दिन पूरा देश दीवाली मनाएगा। 15 अगस्त का दिन जहां हमें स्वतंत्रता की याद दिलाता है, वहीं 14 अगस्त देश के टुकड़े होने का दुख देता है। इसे भी देशवासियों को याद रखना होगा। यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुभाष राव हीरेमठ ने कहीं।
कहा, रक्षाबंधन का उत्सव श्रेष्ठ संस्कार विकसित करने को मनाया जाता है
प्रयाग संगीत समिति में आयोजित संघ के रक्षाबंधन उत्सव एवं अखंड भारत दिवस समारोह में सुभाष राव बतौर मुख्य वक्ता लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का उत्सव देशवासियों में श्रेष्ठ संस्कार विकसित करने के लिए मनाया जाता है, क्योंकि व्यक्ति की पहचान उसके श्रेष्ठ आचरण से होती है। संघ पिछले 94 वर्षों से व्यक्ति को संस्कारित करने में जुटा है। कहा कि संगठित, जागरूक एवं समरस समाज से ही देश प्रगति करता है। जब व्यक्ति के मन में सामाजिक दायित्व बोध जागृत होता है तभी देश आगे बढ़ता है। संघ संगठित एवं जागरूक हिंदू समाज की रचना के कार्य में लगा है।
बोले, कुछ राजनीतिक दल हिंदू समाज को तोडऩे का कुचक्र रच रहे
देश के कुछ राजनीतिक दल विविधता भरी हिंदू समाज को जाति के नाम पर तोडऩे का कुचक्र रच रहे हैं लेकिन 2019 के चुनाव में पूरे देश में राष्ट्रवाद के नाम पर मताधिकार का प्रयोग कर ऐसी शक्तियों को आइना दिखा दिया। समारोह में प्रांत संघ चालक डॉ. विश्वनाथ लाल निगम, सहप्रांत कार्यवाह आलोक मालवीय, सह प्रांत प्रचारक मुनीश, प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. मुरार त्रिपाठी, विभाग संघ चालक प्रो. केपी सिंह, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह गौर, प्रो. सत्यपाल आदि मौजूद रहे।