बनने लगीं सड़कें, जल्द सफर होगा आसान
चायल तहसील की दर्जनों सड़कें बारिश में खराब हो गई थीं। सालों से उनकी मरम्मत न होने पर उस पर लोगों का चलना मुश्किल हो गया था। दैनिक जागरण ने समाचारीय अभियान में सड़कों की बदहाल सूरत प्रकाशित होने पर अधिकारी अब जाग गए हैं। सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। जल्द ही सभी प्रमुख सड़कों पर लोग फर्राटा भरते हुए गुजरेंगे।
कसेंदा : चायल तहसील की दर्जनों सड़कें बारिश में खराब हो गई थीं। सालों से उनकी मरम्मत न होने पर उस पर लोगों का चलना मुश्किल हो गया था। दैनिक जागरण ने समाचारीय अभियान में सड़कों की बदहाल सूरत प्रकाशित होने पर अधिकारी अब जाग गए हैं। सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। जल्द ही सभी प्रमुख सड़कों पर लोग फर्राटा भरते हुए गुजरेंगे।
चायल व नेवादा विकास खंड की तिल्हपुरमोड़ से औधन, पुरखास से मिहनाजपुर, फकीराबाद से सेंवथा, उस्मानपुर से डिहवा मल्हीपुर, सरायअकिल से नेवादा, बिगहरा से उमरवल, टिकरा से यूसुफपुर, चौराडीह से कटरा, तिल्हपुर मोड़ से कसेंदा होते हुए कादिलपुर, चलौली से तेवारा सहित दर्जनों सड़क बदहाल होने से लोगों का सफर कठिन हो रहा है। बदहाल सड़कों से जहां समय की बर्बादी होती है, वहीं लोग हादसे का भी शिकार हो रहे थे। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों के साथ प्रतिनिधियों से कर रहे थे। अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे थे। दैनिक जागरण में समाचार प्रकाशित होने पर अब सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। कौशांबी-प्रयागराज के मुख्य मार्ग पर तिल्हपुर मोड़ से कसेंदा कादिलपुर सड़क व तिल्हपुर मोड़ से औधन व गुंगवा के बाग से सैयद सरावां मार्ग पर कार्य तेजी से चल रहा है।
कौशांबी-प्रयागराज मुख्य मार्ग पर भी शुरू हुआ कार्य
कौशांबी-प्रयागराज मुख्य मार्ग पर मखऊपुर स्थित ससुर खदेरी नदी के पुल से कादिलपुर स्थित धर्मकांटा तक पांच किमी सड़क का प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 72 लाख रुपये की लागत से मरम्मतीकरण कार्य कराया गया था। लॉकडाउन के खत्म होने बाद ही कार्य पूर्ण किया गया था। जो निर्माण कार्य के माह भर भी नहीं झेल सकी और सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई थी। इससे लोगों का आवागमन बाधित हो रहा था। इस सड़क का भी मरम्मतीकरण का कार्य शुरू किया गया है।
दूषित पानी व कीचड़ में गायब सड़क की भी बदलने लगी सूरत
विकास खंड चायल के चौराडीह से दर्जनों गांव को जोड़ते हुए कठरा जाने वाली सड़क चौराडीह चौराहे के पास दूषित पानी व कीचड़ में गायब सी हो गई थी। सड़क बराबर होने की आशंका में छोटे-बड़े वाहन कीचड़ में फंस जाते थे। इसमें गिर कर चोटहिल होने के साथ लोगों के कपड़े भी खराब हो रहे थे। अब सड़क बनने से लोगों की राह आसान हो जाएगी।
पैचिंग करने से ज्यादा समय तक नहीं चलेंगी सड़कें
विकास खंड नेवादा व चायल की खराब सड़कों पर मरम्मतीकरण कार्य शुरू हो गया है, लेकिन पैचिंग करने से ज्यादा समय तक सड़कें नहीं चलेगी। चायल क्षेत्र के रामबाबू, श्रवण कुमार, रणविजय आदि ने बताया की खराब सड़कों पर काम तो शुरू है, लेकिन डामर की जगह कैमिकल्स से गिट्टियां काली कर सिर्फ गड्ढे ही भरा जा रहा है। इससे सड़क ज्यादा समय तक नहीं चलेगी।