प्रयागराज के सोरांव इलाके में मिला अजगर, वन विभाग की टीम ने पकड़ा तो लोगों को मिली राहत
सोरांव के पॉलिटेक्निक चौराहे के निकट लोग आ-जा रहे थे। इसी दौरान एक कोने में लोगों को अजगर दिखा। कुछ ही देर में वहां भीड़ जुट गई। अजगर बड़ा था इससे लोग दहशत में भी थे। वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ लिया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र के गोहरी पॉलिटेक्निक चौराहे के पास शुक्रवार की सुबह अजगर मिला। एक भारी भरकम अजगर देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी मौके पर पहुंचे वन विभाग के सोरांव रेंजर बलवंत सिंह अपने सहयोगियों के साथ अजगर को कब्जे में ले लिया।
सोरांव के पॉलिटेक्निक चौराहे के निकट निकला अजगर
शुक्रवार की सुबह सोरांव के पॉलिटेक्निक चौराहे के निकट लोग आ-जा रहे थे। इसी दौरान एक कोने में लोगों को अजगर दिखा। कुछ ही देर में वहां भीड़ जुट गई। अजगर बड़ा था, इससे लोग दहशत में भी थे। हालांकि कुछ उत्साही युवाओं ने अजगर को पकड़ने की नाकाम कोशिश भी की। इसकी सूचना ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को दी। वहां पहुंची पुलिस ने तत्काल वन विभाग को अजगर मिलने की जानकारी दी।
वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ा
कुछ ही देर में वहां वन विभाग के सोरांव रेंजर बलवंत सिंह अन्य कर्मचारियों के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने भीड़ को दूर कराया और कुछ देर की मशक्कत के बाद अजगर को काबू में किया। तब जाकर लोगों में दहशत समाप्त हुई। पिछले दिन भी जनपद में अजगर मिला था।
अजगर देखने के लिए लगा मजमा
सोरांव के पॉलिटेक्निक चौराहे पर अजगर के निकलने और वन विभाग की टीम द्वारा पकड़ने के दौरान लोगों की भीड़ जुटी रही। विस्मय से लोग अजगर को पकड़े जाने की कोशिश देखते रहे। कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में भी इस सीन को कैद कर लिया।