प्रियंका के ट्वीट से फिर गरमाई छात्र राजनीति
इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली को लेकर आमरण अनशन जारी रहा। शुक्रवार को दो छात्रनेताओं की तबीयत बिगड़ गई। प्रियंका के ट्वीट के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज : इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली को लेकर आमरण अनशन पर बैठे छात्रों का मसला फिर गरम हो गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका वाड्रा ने ट्वीट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। वहीं, शुक्रवार देर शाम यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास अनशनकारियों से मिलने पहुंचे।
प्रियंका ने ट्वीट में लिखा है कि 'इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र 50 दिनों से आंदोलनरत हैं और पिछले छह दिन से छात्रसंघ बहाली की मांग के साथ आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनकी मांगें अनसुनी हैं और उनका दमन किया जा रहा है। भाजा सरकार छात्र-छात्राओं से छात्रसंघ छीनने के लिए इतनी आतुर क्यों है?' सोशल मीडिया पर उनका ट्वीट कुछ ही देर में धड़ल्ले से शेयर होने लगा। इसी के साथ इविवि की छात्र राजनीति एक बार फिर गरम हो गई है। देर शाम अनशन स्थल पर पहुंचे यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कहा कि इविवि छात्र राजनीति की नर्सरी रही है। इसने देश को बड़े-बड़े राजनेता दिए। कहा कि भारतीय राष्ट्रीय युवा काग्रेस छात्रसंघ बहाली आदोलन कर रहे सभी छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। साथ ही महासचिव प्रियंका गाधी वाड्रा से बात कर उन्हें भी बुलाया जाएगा। इस दौरान रजनीश सिंह, अतेंद्र सिंह, सपा के पूर्व विधायक सत्यवीर सिंह मुन्ना, संदीप यादव, सुरेश यादव, भूपेंद्र यादव, अखिलेश गुप्ता, विवेकानंद पाठक, अदील हमला, साहिल तिवारी, अंकित देवा, आशीष यादव, सुशील कुशवाहा, आशीष अतरौलिया, अदनान, सत्यम कुशवाहा, अंकित द्विवेदी, हरिओम त्रिपाठी, परवेज अहमद आदि लोग मौजूद रहे। महामंत्री और उपाध्यक्ष की तबीयत बिगड़ी
गुरुवार को आधी रात बाद करीब तीन बजे अचानक छात्रसंघ के निवर्तमान महामंत्री शिवम सिंह की तबीयत खराब हो गई। आननफानन उन्हें बेली अस्पताल ले जाया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री एवं अखिल भारतीय राज्य विश्वविद्यालय के प्रमुख हरीबोरिकर ने शिवम सिंह से अस्पताल में मुलाकात की। इसके अलावा उपाध्यक्ष अखिलेश यादव की भी तबीयत खराब हुई। इविवि प्रशासन ने लिखा पत्र
इविवि के चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर राम सेवक दुबे ने संयुक्त संघर्ष समिति के मुख्य संयोजक अतेंद्र सिंह के पत्र का जवाब देते हुए बताया कि कुलपति अभी अवकाश पर हैं। वह आएंगे तो प्रतिनिधिमंडल से बात करने पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने अनशन खत्म करने का भी अनुरोध किया है। वहीं, इलाहाबाद विवि के चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर राम सेवक दुबे ने छात्रसंघ अध्यक्ष उदय प्रकाश यादव को दोबारा पत्र लिखकर अनशन खत्म करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ और छात्र परिषद पर चर्चाएं प्रासंगिक हो सकती हैं, लेकिन अनशन जैसे कठोर कदम उठाना उचित नहीं है।