इलाहाबाद में बंधवा वाले हनुमानजी के दर्शन भी करेंगे राष्ट्रपति
16 दिसंबर की सुबह आठ बजे उनका काफिला संगम के लिए रवाना होगा। वहां वे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्नान-ध्यान व पूजा अर्चना भी कर सकते हैं।
इलाहाबाद (जेएनएन)। इलाहाबाद में 15 दिसंबर को आ रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 16 दिसंबर को संगम दर्शन के बाद बंधवा वाले लेटे हनुमानजी के भी दर्शन करेंगे। राष्ट्रपति विशेष विमान से लखनऊ से 15 दिसंबर को 12:40 बजे बम्हरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। तीन बजे कंपनी गार्डेन स्थित चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
उसके बाद मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआइटी) के दीक्षांत समारोह में भाग लेने 3:25 बजे पहुंचेंगे। राष्ट्रपति यहां करीब एक घंटे तक रहेंगे व मेधावियों को सम्मानित करेंगे। इसके बाद उनका काफिला सर्किट हाउस के लिए रवाना हो जाएगा। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल रामनाईक भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति सर्किट हाउस में ही राज्यपाल रामनाईक के साथ डिनर कर रात्रि विश्राम करेंगे।
अगले दिन 16 दिसंबर की सुबह आठ बजे उनका काफिला संगम के लिए रवाना होगा। वहां वे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्नान-ध्यान व पूजा अर्चना भी कर सकते हैं। 9 बजे सर्किट हाउस लौट आएंगे। यहां नाश्ता करने के बाद वे 10 बजे इलाहाबाद हाईकोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे। हाईकोर्ट में वे झलवा में प्रस्तावित ग्राम न्यायालय व ज्यूडीशियल एकेडमी का शिलान्यास करेंगे। वहीं पर हाईकोर्ट के न्यायमूर्तिगण के साथ हाई टी का कार्यक्रम है। इसके बाद 11:20 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।