यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
President in Prayagraj: राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के लिए 100 से अधिक डाक्टर, 30 एंबुलेंस तैनात
President in Prayagraj राष्ट्रपति के आगमन पर बमरौली हवाई अड्डा पोलो ग्राउंड इलाहाबाद हाईकोर्ट वह अहम स्थान होंगे जहां स्वास्थ्य ...और पढ़ें

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के स्वास्थ्य की हर पल निगरानी और आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रयागराज में व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। 100 से अधिक डाक्टरों और 30 एंबुलेंस को वीआइपी ड्यूटी में लगे हैं। राष्ट्रपति के बमरौली हवाई अड्डा पहुंचने से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल और सेफ हाउस तक चिकित्सा सुविधाओं के साथ पूरा अमला डटा रहेगा। एसआरएन के अलावा बेली और काल्विन अस्पताल के वार्ड भी आरक्षित कर लिए गए हैं।
राष्ट्रपति के आगमन पर बमरौली हवाई अड्डा, पोलो ग्राउंड, इलाहाबाद हाईकोर्ट वह अहम स्थान होंगे जहां स्वास्थ्य विभाग ने मिनट टू मिनट प्रोग्राम के आधार पर डाक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ का अमला लगा दिया है। कुल छह प्वाइंट पर एंबुलेंस मुस्तैद रहेगी। चिकित्सकों को बाकायदा प्रशिक्षण दिया गया है। कई डाक्टर दूसरे जिलों से भी बुलाए गए हैं।
छह वीवीआइपी के लिए लगी 30 एंबुलेंस
राष्ट्रपति समेत शनिवार को छह वीवीआइपी रहेंगे। इनमें सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, उप्र की राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कानून मंत्री भी रहेंगे। इन सभी के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए 15 एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट) व 15 बीएलएस (बेसिक लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस लगाई गई है। एएलएस की छह एंबुलेंस कार्यक्रम स्थल पर खड़ी रहेंगी। छह एंबुलेंस वीवीआइपी की फ्लीट में शामिल की जाएंगी। तीन एंबुलेंस रिजर्व रखी गई हैं। इसी प्रकार 100 से अधिक डाक्टरों की ड्यूटी लगी है। हर एक एंबुलेंस में एक फिजीशियन, एक एनस्थेटिक, एक आर्थोपेडिक सर्जन, एक फार्मासिस्ट, एक सीनियर टेक्नीशियन की ड्यूटी रहेगी।
अस्पतालों में व्यवस्था
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में 10 वार्ड, एक आपरेशन थियेटर, ब्लड (आवश्यकतानुसार), सभी चिकित्सा संसाधन, रिजर्व रखे गए हैं। बेली और काल्विन अस्पताल में भी वार्ड रिजर्व कर दिए गए हैं।
सीएमओ बोले- राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डाक्टर नानक सरन ने बताया कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखी गई हैं। हवाई अड्डे से लेकर कार्यक्रम स्थल तक और अस्पताल से लेकर वीवीआइपी की फ्लीट तक डाक्टरों की टीम लगा दी है। कुछ चिकित्सक और एंबुलेंस को रिजर्व रखा गया है।