Coronavirus Prayagraj (Allahabad) News : एसआरएन अस्पताल में संक्रमित महिला ने बेटी को दिया जन्म
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद महिला के घरवाले परेशान हो गए। आखिरकार निजी अस्पताल से गर्भवती महिला को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रयागराज,जेएनएन। कोरोना वायरस से संक्रमित एक और गर्भवती का शुक्रवार को स्वरूपरानी नेहरू कोविड अस्पताल में प्रसव कराया गया। वह हाई ब्लडप्रेशर व डायबिटिक की मरीज थी इसलिए ऑपरेशन बहुत जटिल था। डॉक्टरों की टीम ने सफल ऑपरेशन कर प्रसव कराया और गर्भवती ने बच्ची को जन्म दिया। अब दोनों स्वस्थ हैं। नवजात की भी सैंपलिंग 24 घंटे बाद कराई जाएगी।
प्रसव कराने के लिए निजी अस्पताल में भर्ती महिला की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
झूंसी निवासी एक गर्भवती को प्रसव कराने के लिए परिवार के लोग शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए थे। प्रसव से पहले उसकी कोरोना की जांच हुई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद महिला के घरवाले परेशान हो गए। आखिरकार निजी अस्पताल से गर्भवती महिला को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रिर्पोट पॉजिटिव आने पर एसआरएन अस्पताल में कराया गया भर्ती
महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे लेवल थ्री के कोविड अस्पताल एसआरएन में भर्ती कराया गया। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. अमृता चौरसिया ने अपनी टीम के साथ शुक्रवार को उसका ऑपरेशन कराया।
आपरेशन के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ
डॉ. अमृता ने बताया कि यह हाई रिस्क प्रेग्नेंसी का केस था। इसके बावजूद गर्भवती का सफल ऑपरेशन करा दिया गया। अब जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं। 24 घंटे बाद शिशु की सैंपलिंग होगी।