Prayagraj Weather: आज तेज बारिश होगी, देखें 15 अगस्त को प्रयागराज व आसपास कैसा रहेगा मौसम
Prayagraj Weather Updates मौसम विभाग ने आज रविवार को भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आसमान में बादल छाए रहेंगे और झमाझम वर्षा हो सकती है इसकी वजह से तापमान में खासी गिरावट आएगी। कल 15 अगस्त पर मौसम का पूर्वानुमान भी है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बादल मेहरबान हैं। शुक्रवार से छाए घने बादल शनिवार और रविवार को झूम कर बरसे। आज रविवार 14 अगस्त को झमाझम वर्षा का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है। आपको यह जानने की भी उत्सुकता जरूर होगी कि कल 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर कैसा रहेगा मौसम। तो आइए इस खबर के माध्यम से जानें कि मौसम विभाग ने कल के मौसम का क्या अनुमान लगाया है।
रात भर रुक-रुककर हुई बारिश : प्रयागराज, प्रतापगढ़ और कौशांबी जिलों में पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल छाए हैं। बादल कभी घने तो कभी हल्के हो जाते हैं। कभी झमाझम बारिश तो कभी रिमझिम हो रही है। ऐसे में मौसम सुहावना हो गया है। शनिवार को भी रात में रुक-रुककर कई बार बारिश हुई। रविवार की सुबह आसमान में बादल छाए थे। धूप नहीं निकली है। बारिश की संभावना आज है।
बारिश से किसानों को राहत : इन दिनों लगातार हो रही बारिश से किसानों को राहत दी है। खेतों में लगी धान की फसलों के लिए वर्षा का जल किसी संजीवनी से कम नहीं है। किसानों ने बादलों को देख तेज बारिश की उम्मीद जताई है।
आज व कल प्रयागराज में क्या रहेगा तापमान : प्रयागराज में आज रविवार 14 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। वहीं कल यानी 15 अगस्त को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। कल 15 अगस्त को भी प्रयागराज, प्रतापगढ़ व कौशांबी में वर्षा होने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जारी किया है।
तेज बारिश से तापमान गिरेगा : मौसम विभाग ने आज रविवार को भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। शनिवार को आर्द्रता के 92 प्रतिशत तक पहुंचने के बाद वर्षा की प्रबल संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आसमान में बादल छाए रहेंगे और झमाझम वर्षा हो सकती है, इसकी वजह से तापमान में खासी गिरावट आएगी।
प्रतापगढ़ व कौशांबी में भी आज बारिश की संभावना : प्रतापगढ़ जनपद में रविवार को दिन में बादल छाएंगे। वर्षा हो सकती है। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान प्रेक्षक देशराज मीना ने बताया कि पुरवा हवाएं चलने से वर्षा होने की उम्मीद है। आज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इसी क्रम में कौशांबी जिले रविवार की सुबह बादल छाए हैं। वर्षा हो सकती है। आज का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।