इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव में प्रयागराज तय करेगा स्नातक प्रत्याशियों का भविष्य
वोटर किस ओर जाएंगे उसका पता तो एक दिसंबर को होने वाले मतदान पर पता चलेगा। लेकिन 10 जिलों में प्रयागराज की भूमिका अहम होगी वह तय है। जो प्रत्याशी प्रयागराज में अधिक वोट पाएगा उसकी जीत पक्की मानी जा रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव के मतदान का समय करीब है। निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 10 जिलों के वोटरों को रिझाने के लिए प्रत्याशी एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। कोरोना संक्रमण के बीच संपर्क अभियान जोर-शोर से चल रहा है। वोटर किस ओर जाएंगे उसका पता तो एक दिसंबर को होने वाले मतदान पर पता चलेगा। लेकिन, 10 जिलों में प्रयागराज की भूमिका अहम होगी वह तय है। जो प्रत्याशी प्रयागराज में अधिक वोट पाएगा, उसकी जीत पक्की मानी जा रही है। यही कारण है कि हर प्रत्याशी प्रयागराज के वोटरों को साधने में जुटे हैं।
सबसे अधिक वोटर प्रयागराज में
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव में कुल 1,57,160 वोटर हैं। सबसे अधिक वोटर 63,284 प्रयागराज में बने हैं। उक्त क्षेत्र में लगातार चार बार से भाजपा के डॉ. यज्ञदत्त शर्मा विधान परिषद सदस्य चुने जा रहे हैं। उन्हें टक्कर देने के लिए कांग्रेस ने अपने शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह व सपा ने समाजवादी शिक्षक सभा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह को मैदान में उतारा है। अटेवा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. हरिप्रकाश यादव के अलावा दर्जनभर से अधिक प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
शिक्षक व बेरोजगारों को रिझा रहे
हर प्रत्याशी शिक्षक व शिक्षित बेरोजगारों को रिझाने में लगा है। इसके पहले 2002 व 2014 में स्नातक चुनाव लड़ चुके अजय सिंह शिक्षित युवाओं को रोजगार, वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय के नाम पर वोट मांग रहे हैं। वहीं, मान सिंह शिक्षामित्रों की बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने जैसे मुद्दों पर वोटरों को रिझा रहे हैं। डॉ. हरिप्रकाश पुरानी पेंशन बहाली का वादा जोर-शोर से कर रहे हैं। वहीं, डॉ. यज्ञदत्त शिक्षा व शिक्षक हित में कराए गए अपने कार्यों को लेकर वोटरों से संपर्क कर रहे हैं। वे केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहित नीतियों का भी बखान कर रहे हैं।
किस जिले में हैं कितने वोटर
प्रयागराज में 63,284, कौशांबी, 11,359, फतेहपुर में 15,755, चित्रकूट में 6,056, बांदा में 10,876, हमीरपुर में 6,457, महोबा में 4,430, जालौन में 17,575, झांसी में 15,079 व ललितपुर में 6,289 वोटर हैं।