Coronavirus संक्रमित नैनी जेल का बंदी गिरफ्तार, एसआरएन अस्पताल से खिड़की तोड़कर भागा था Prayagraj News
नैनी सेंट्रल जेल से फरार बंदी को प्रयागराज पुलिस ने हंडिया से पकड़ लिया है। कोरोना वायरस संक्रमित बंदी एसआरएन अस्पताल से फरार हो गया था।
प्रयागराज, जेएनएन। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के बाथरूम की खिड़की तोड़कर फरार बंदी सुशील भारतीया को हंडिया में पकड़ लिया गया है। सुशील कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज है। लिहाजा उसे अस्पताल लाने के लिए एंबुलेंस भेजी गई है। अभियुक्त के गिरफ्त में आने से पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली है। कहा जा रहा है कि सुशील अपने एक साथी के घर पर छिपा था। उससे पूछताछ की जा रही है।
कोरोना पॉजिटिव बंदी शनिवार को एसआरएन अस्पताल में भर्ती हुआ था
सरायममरेज थाना क्षेत्र के अजूबा गांव निवासी कल्लू भारतीया के बेटे सुशील को फूलपुर पुलिस ने लूट व बाइक चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद नैनी सेंट्रल जेल में निरुद्ध किया गया था। पांच दिन पहले जांच में उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिस पर उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार की सुबह बंदी सुशील की ज्यादा खराब हो गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे सुबह करीब 10 बजे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल की खिड़की तोड़कर फरार हो गय था सुशील
एसआरएन अस्पताल में सुशील को कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया था। वहां से वह शनिवार की शाम को बाथरूम की खिड़की तोड़कर भाग निकला था। इसकी जानकारी होने पर पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए थे। तत्काल पुलिस से पूरे शहर में चेकिंग शुरू कराई गई। साथ ही बंदी के घर और संदिग्ध ठिकानों पर भी दबिश दी गई। हालांकि उसका कोई सुराग पुलिस को नहीं लग सका था। इससे पुलिस परेशान थी।
लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मी निलंबित
सुशील के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। उधर तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस ने रविवार की दोपहर में उसे हंडिया से दबोच लिया। उसने शुक्रवार रात भी नैनी जेल से भागने की कोशिश की थी और फूलपुर थाने से भी भाग चुका था।