जल्द होने वाली है बारिश, उफनाएंगे चोक नाले और सड़क पर चलना होगा मुश्किल, हाल प्रयागराज का
नालों की सफाई नहीं हुई तो बारिश के पानी का निकास नहीं होने से शहर के कई क्षेत्रों में पानी भरेगा। नालों की सफाई के लिए टेंडर निकाला जा चुका है लेकिन अभियान में तेजी नहीं लाई जा रही है। हालांकि कुछ नालों की सफाई शुक्रवार से शुरू हो गई।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। बारिश अगले माह से शुरू होने वाली है और नगर निगम की ओर से अभी तक बरसात के पहले की तैयारियां पूरी नहीं हो पाई है। शहर के लगभग सभी बड़े और छोटे नाले गाद से भरे हुए हैं। कई नाले मिट्टी व कूड़ा-करकट भरने से नालियों में तब्दील हो चुके हैं। नालों की सफाई नहीं हुई तो बारिश के पानी का निकास नहीं होने के कारण शहर के कई क्षेत्रों में पानी भरेगा। नालों की सफाई के लिए टेंडर निकाला जा चुका है। लेकिन अभियान में तेजी नहीं लाई जा रही है। हालांकि कुछ नालों की सफाई शुक्रवार से शुरू हो गई।
लगभग सात करोड़ रुपये नाला सफाई में किया जाएगा खर्च
मम्फोर्डगंज, हिम्म्तगंज, दरभंगा में नाला गंदगी से पटे हुए हैं जबकि मौसम में परिवर्तन लगातार बना हुआ है। 15 जून तक जिले में मानसून की आमद मानी जाती है। नालों की सफाई नहीं हुई तो बारिश में नाले ओवर फ्लो होकर सड़कों पर बह निकलेंगे। मम्फोर्डगंज के नाले की सफाई किया जाना बहुत ही आवश्यक है। शहरी की आधी आबादी के पानी का निकासा इसी नाले से होता है लेकिन यह नाला गोबर और पालीथिन से पटा हुआ है।
हिम्म्मतगंज में नाला की सफाई नहीं होने से लोगों के घरों में पानी भर जाता है। क्षेत्रीय लोगों ने इसके खिलाफ प्रदर्शन भी किया लेकिन नाला की सफाई आज तक नहीं की गई है। पांच किलो मीटर की दूरी में यह नाला पटा हुआ है। दरभंगा कालोनी के पास का नाला भी नहीं साफ हो रहा है। जल निकासी में परेशानी न हो इसके लिए नाला को लाखों रुपये खर्च कर पक्का किया गया था। लेकिन सफाई नहीं होने से नाला पालीथिन से पट है।