नए लुक में नजर आएगा प्रतापगढ़ का रेलवे स्टेशन, सुंदरीकरण को यह है रेलवे की तैयारी
पुराने टेंडर पर ही प्रतापगढ़ जंक्शन के कायाकल्प को आगे बढ़ाया गया है। पहले लगे ठेकेदार के निधन के बाद लग रहा था कि काम का टेंडर फिर से होगा पर ऐसा विभाग ने नहीं किया। ठेकेदार दूसरा आ गया पर एजेंसी वही रही। उसी पर काम हो रहा है।
प्रयागराज, जेएनएन। आंवला नगरी प्रतापगढ़ जनपद का लुक बदलेगा वह भी रेलवे के जरिए। यहां रेल सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। काम शुरू भी हो गया है। अब तक प्रतापगढ़ जंक्शन पर तीन प्लेटफार्म हैं। इसमें पहला शहर साइड में है और दूसरा, तीसरा सहोदरपुर की ओर है। इस जंक्शन से अब तक इन्हीं तीन से काम चल जाता था, लेकिन रेल लाइन के दोहरीकरण के बाद यह कम नजर आएंगे। ऐसे में यहां दो नए प्लेटफार्म की जरूरत महसूस करते हुए इसका काम शुरू कर दिया गया है।
अपने पुराने टेंडर पर ही जंक्शन के कायाकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। पहले लगाए गए ठेकेदार के निधन के बाद लग रहा था कि काम का टेंडर फिर से होगा, पर ऐसा विभाग ने नहीं किया। ठेकेदार दूसरा आ गया, पर एजेंसी वही रही। उसी पर काम हो रहा है। अगर टेंडर होता तो प्रोजेक्ट बहुत पीछे चला जाता। सारी प्रक्रिया में बहुत समय लग जाता। जंघई से गौरीगंज तक दोहरीकरण कार्य अंतिम चरण में है। ऐसे में प्रतापगढ़ के स्टेशनों पर प्लेटफार्म बढ़ाए जा रहे हैं।
मुख्य जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर चार व पांच बन रहा है। कोरोना काल में बजट रुक गया था। मजदूर भी डरकर घर चले गए थे। अब फिर लौटे हैं। कार्य में तेजी आई है। रेलवे जंक्शन पर दो नए प्लेटफार्म तेजी से आकार ले रहे हैं। इनके बनते ही जंक्शन नए स्वरूप में निखर आएगा। दोनों नीव बनाने के बाद उसमें मिट्टी भरने व समतल करने का कार्य दिन-रात हो रहा है। इसे आगमी अप्रैल तक बना लेने का कार्यदायी संस्था का प्रयास है। भले ही कुछ अधिक मजदूर लगाने पड़ें। रेलवे के सहायक अभियंता निर्माण राकेश कुमार ने बताया कि कुछ दिक्कत बीच में आने के बाद भी विभाग ने काम को बंद नहीं किया।