दस वर्ष पूर्व पुलिस कस्टडी से फरार हुआ था 50 हजार का इनामी बदमाश, अब आया हाथ
प्रतापगढ़ में कंधई थाना क्षेत्र की पुलिस ने 50 हजार के इनामी बदमाश को पकड़ा। कोर्ट में पेशी के बाद जेल ले जाते समय 10 वर्ष पूर्व रास्ते में पुलिस कस्टडी से वह फरार हो गया था।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यहां अपराध करके बदमाश फरार हो जाते हैं और पुलिस देखती ही रह जाती है। इतना ही नहीं पुलिस कस्टडी से भी बदमाश भाग जाते हैं लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ने में कई वर्ष लगा देती है। ऐसा ही एक मामला सामने आया। दस वर्ष पूर्व पुलिस कस्टडी से फरार हुआ इनामी बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। उसे जेल भेज दिया गया।
कोर्ट में पेशी के बाद जेल ले जाते समय रास्ते में फरार हुआ था
कंधई थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी शेर अली उर्फ फुल्लन पुत्र लाल मोहम्मद को पुलिस ने दस वर्ष पूर्व पकड़ लिया था। कोर्ट में पेशी के बाद जेल ले जाते समय रास्ते में पुलिस कस्टडी से शेर अली फरार हो गया था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए पूरा जोर लगा दिया था लेकिन वह हाथ नहीं आया। पुलिस ने शेर अली पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने रखहा बाजार शेर अली हुआ गिरफ्तार
शनिवार को कंधई पुलिस को शेर अली के इलाके में होने की खबर मिली। इस पर सक्रिय हुई पुलिस ने रखहा बाजार में घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। लिखा पढ़ी करने के बाद पुलिस ने शेर अली को जेल भेज दिया। फिलहाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बताया कि शेर अली 2009 में पुलिस कस्टडी से फरार हुआ था। तब से वह गायब था।
लेखपाल से बदसलूकी में सगे भाई गिरफ्तार
लेखपाल कुलदीप सिंह से बदसलूकी करने के आरोप में प्रयागराज की कैंट पुलिस ने श्याम बाबू और उसके भाई रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों भाई गंगा के कछार में खेती करते हैं। उन्होंने जिससे खेत लिया था, उसका आवंटन जिलाधिकारी की ओर से निरस्त किया जा चुका है। शुक्रवार को जब लेखपाल खेत में बोर्ड लगाने पहुंचे तो दोनों भाइयों ने बदसलूकी की।