सिख समुदाय के लोगों पर बरसा आशीष, रायबरेली गई प्रकाश यात्रा Prayajraj News
भ्रमण पर निकली गुरु नानक देव की प्रकाश यात्रा ने खुल्दाबाद गुरुद्वारा में रात्रि विश्राम किया। रात में कीर्तन और भंडारा हुआ। सिख संगतों ने हस्तलिखित गुरु ग्रंथ साहब का दर्शन किया।
प्रयागराज, जेएनएन। सिख समुदाय पर आशीष बरसा कर गुरुनानक देव की प्रकाश यात्रा शनिवार को शहर से प्रस्थान कर गई। श्री गुरुसिंह सभा खुल्दाबाद से सुबह आठ बजे निकली यात्रा रेलवे स्टेशन, नवाब यूसुफ रोड और एमजी मार्ग से स्टैनली रोड होते हुए रायबरेली के लिए रवाना हो गई। विभिन्न संस्थाओं ने प्रकाश यात्रा और हस्तलिखित गुरु ग्रंथ साहब पर पुष्प अर्पित किए। श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार जोगिंदर सिंह सहित कई पदाधिकारी यात्रा के साथ गए। यात्रा रायबरेली के बाद फतेहपुर होते हुए कानपुर जाएगी।
खुल्दाबाद गुरुद्वारा में यात्रा ठहरी, कीर्तन व भंडारा आयोजित
झारी (कर्नाटक) से चलकर गुरु नानक देव जी की प्रकाश यात्रा शुक्रवार शाम प्रयागराज पहुंची थी। इस दौरान सिख समुदाय के लोगों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया था। फिर विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा खुल्दाबाद गुरुद्वारा पहुंची थी। वहां रात्रि विश्राम हुआ। रात में खुल्दाबाद गुरुद्वारा में कीर्तन और भंडारे का आयोजन हुआ।
हस्त लिखित गुरु ग्रंथ साहब का दर्शन व वंदन कर निहाल हुए गुरु भक्त
आज सिख संगतों को हस्तलिखित गुरु ग्रंथ साहब का दर्शन कराया गया। इसके बाद यात्रा रायबरेली के लिए रवाना हुई। सिंधी समाज, सिविल लाइंस व्यापार मंडल, लायंस क्लब, सिविल डिफेंस सहित अन्य संस्थाओं ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। गुरु ग्रंथ साहब का दर्शन कर सभी निहाल हो उठे। यात्रा स्टैनली रोड से तेलियरगंज होते हुए रायबरेली रवाना हुई। वहां से लालगंज होते हुए फतेहपुर और फिर कानपुर के लिए रवाना हुई। श्री गुरुसिंह सभा खुल्दाबाद के अध्यक्ष सरदार जोगिंदर सिंह, महामंत्री सरदार प्रीतम सिंह, यतींद्र सिंह, हरविंदर सिंह, परमजीत सिंह आदि प्रकाश यात्रा के साथ कानपुर तक गए।