डाक कवर पर सवार होकर आपके घर आएंगी गंगा मइया Prayagraj News
डाक विभाग प्रदेश के सभी डाकघरों में आज एक साथ गंगा पर स्पेशल कवर जारी करेगा। कवर पर मां गंगा की हिलोर दिखेगी। इसकी कीमत 15 रुपये रखी गई है।
प्रयागराज, जेएनएन। सनातन धर्म में गंगाजल का अति महत्वपूर्ण स्थान है। यही कारण है कि जन्म से लेकर मृत्यु तक गंगाजल की आवश्यकता होती है। सावन में शिवभक्त भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक करते हैं। लोगों की इसी आस्था को देखते हुए डाक विभाग ने मां गंगा की हिलोर (लहर) को अपने विशेष कवर पर उतारने का निर्णय लिया है। 'गंगाजल आपके द्वार' विषय पर इसे जारी किया जा रहा है। इस तरह अब मां गंगा इस कवर पर सवार हो घर-घर पहुंचेंगी।
इस विशेष कवर को सभी प्रधान डाकघरों में आज जारी किया जाएगा
इस विशेष कवर की कीमत 15 रुपये है। मंगलवार को इसे प्रदेश के सभी प्रधान डाकघरों में जारी किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल ने सभी प्रधान डाकघरों को निर्देश दे दिए हैं। यह स्पेशल कवर सभी को भेजा जा चुका है। कोई भी इसे खरीद कर इसमें चिट्ठी या अन्य कागजात रखकर अपनों तक भेज सकेगा। जहां भी यह कवर पहुंचेगा, वहां लोग गंगा मइया का दर्शन कर सकेंगे। इसके पहले विभाग की तरफ से कुंभ व संगम पर स्पेशल कवर जारी किया जा चुका है, जिसकी डिमांड भी अधिक रही।
बोले टिकट संग्रह ब्रांच के इंचार्ज
प्रधान डाकघर प्रयागराज के टिकट संग्रह ब्रांच के इंचार्ज राजेश वर्मा ने बताया कि गंगाजल पर आधारित यह स्पेशल कवर काफी आकर्षक बनाया गया है। लोग व्यक्तिगत कार्यों के लिए भी इसे संजो कर रख सकते हैं। मंगलवार से किसी भी प्रधान डाकघर से इसे प्राप्त किया जा सकता है। इसके साथ ही गंगोत्री का गंगाजल भी प्रधान व कचहरी डाकघर में पर्याप्त मात्रा में बिक्री के लिए उपलब्ध है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप