महिला व बालक का डीएनए सुरक्षित, मिला था शव
महिला व बालक का शव मिला था। पहचान नहीं हो सकी। पुलिस दोनों का डीएनए सुरक्षित रख लिया है।
प्रयागराज : कौशांबी जनपद में कोखराज थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर मिले महिला व बच्चे का शव मिला था। उनका रिश्ता कहीं खून का तो नहीं था, इसके लिए पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों का डीएनए सुरक्षित कराया है। टेस्ट के लिए इंस्पेक्टर ने डीएम से अनुमति मांगने की कवायद शुरू कर दी है। वहीं शिनाख्त पुलिसिया अनदेखी के चलते चार दिन बाद भी नहीं हो सकी।
कोखराज थाना के लाटपुर गांव के समीप सड़क किनारे एक महिला का शव मंगलवार की सुबह मिला। चेहरा तेजाब से जलाया गया था और गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान इसी थाना क्षेत्र के चमरूपुर गांव के बाहर सड़क किनारे छह वर्षीय एक बालक का शव मिला। दोनों की शिनाख्त का पुलिस ने प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। दोनों के मां-बेटा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पहचान के लिए उनकी फोटो पड़ोसी जनपदों में भी भेज फिर भी शिनाख्त नहीं हो सकी।
अक्सर नहीं हो पाती शिनाख्त
जनपद में हाईवे व सड़क किनारे मिलने वाले शवों में पुलिस की अनदेखी व लापरवाही के चलते अक्सर मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाती है। दर्जन भर से अधिक लाशों की शिनाख्त पुलिस साल भर के भीतर नहीं करा पाई है। यह आंकड़ा पुलिसिया फाइलों में भी दर्ज है। बहरहाल शुक्रवार को दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम होने के बाद चिकित्सकों ने उनका डीएनए जार में सुरक्षित किया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
क्या कहती है पुलिस
गैर जनपदों में फोटो व पोस्टर के जरिए शिनाख्त के लिए पुलिस की मदद मांगी गई है। दोनों की पहचान के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। दोनों मृतक का आपस में रिश्ता है या नहीं, इसके लिए डीएनए सुरक्षित करा लिया गया है। डीएम से अनुमति मांगने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वीकृति के बाद टेस्ट के लिए डीएनए प्रयोगशाला भेज दिया जाएगा।