प्रतापगढ़ में पशु तस्करों ने सिपाही पर किया हमला, अस्पताल में भर्ती Prayagraj News
सिपाही ने पशुओं की तस्करी कर ले जाए जा रहे वाहन को रोका तो पशु तस्करों ने उस पर हमला कर दिया। इससे सिपाही जख्मी हो गया। इस बीच दूसरा सिपाही अपनी जान बचाकर से भाग गया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद के मंगरौरा बाजार में शुक्रवार की रात में सिपाही संतोष तिवारी गश्त पर थे। इसी दौरान संतोष ने पशु तस्करों की गाड़ी रोकने को कहा। इस पर पशु तस्करों ने ईंट-पत्थर से सिपाही पर हमला बोल दिया। इससे संतोष घायल होकर गिर गए। इस दौरान दूसरा सिपाही विपिन संतोष का साथ देने के बजाय मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची कन्धई थाने की पुलिस ने सिपाही को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर वारदात को अंजाम देने के बाद वाहन समेत पशु तस्कर फरार हो गए।
साथी सिपाही मदद के बजाय वहां से फरार हो गया
शुक्रवार की रात में सिपाही संतोष तिवारी और विपिन गश्त पर थे। रात करीब डेढ़ बजे उन्हें सूचना मिली कि पशुओं को एक वाहन से लेकर तस्कर जा रहे हैं। इस पर मौके पर सिपाही संतोष और विपिन पहुंचे। इसी बीच उधर से एक वाहन आता दिखा। सिपाहियों ने वाहन को रोकने का इशारा किया। कुछ दूर आगे जाकर वाहन रोकने के बाद उसमें सवार कुछ लोग उतरे। सिपाहियों के निकट आने पर पशु तस्कर उन पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। संतोष ईंट-पत्थर लगने से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। इसी बीच सहायता करने के बजाय दूसरा सिपाही विपिन अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया।
इलाज के लिए सिपाही संतोष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया
राहगीरों की सूचना पर वहां कुछ ही देर में कई थानों की फोर्स पहुंच गई। तत्काल जख्मी संतोष को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर सिपाही को लहूलुहान करने के बाद मौके से वाहन समेत पशु तस्कर फरार हो गए। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। फिलहाल वह पकड़ से दूर हैं।