CoronaVirus : प्रतापगढ़ के एंथोनी कॉलेज में बने क्वारंटाइन सेंटर में हंगामा, एसडीएम व सीओ ने समझाया Prayagraj News
एक व्यक्ति की तबीयत खराब होने पर उसे इस क्वारंटाइन सेंटर में रोका गया। उसे कोरोना पॉजिटिव का मरीज समझ कर वहां रोके गए अन्य लोग हंगामा करने लगे।
प्रयागराज, जेएनएन। पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ शहर के सिविल लाइन स्थित सेंट अंथोनी कॉलेज में बने क्वारंटाइन सेंटर में एक व्यक्ति को रखे जाने से आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। हंगामा शुक्रवार की रात में और शनिवार की सुबह हुआ। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को समझाया।
कोरोना पॉजिटिव का मरीज समझ कर वहां रोके गए अन्य लोगों ने किया हंगामा
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए शासन व प्रशासन कवायद कर रहा है। इसी के लिए क्वारंटाइन सेंटर भी बनाए गए हैं। पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ में भी ऐसे सेंटर हैं। सिविल लाइन स्थित सेंट अंथोनी कॉलेज में बने क्वारंटाइन सेंटर में 165 लोग रोके गए हैं। शुक्रवार की रात अचलपुर के एक व्यक्ति की तबीयत खराब होने पर उसे इस क्वारंटाइन सेंटर में रोक दिया गया। उसे कोरोना पॉजिटिव का मरीज समझ कर वहां रोके गए अन्य लोग हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें किसी तरह शांत कराया।
क्वारंटाइन सेंटर में रोके गए लोग अब घर जाने की जिद कर रहे
वहीं शनिवार की सुबह फिर इसी बात को लेकर हंगामा शुरू हो गया। इस पर उस व्यक्ति को वहां से हटाकर जिरियामऊ स्कूल में शिफ्ट किया गया। इसके बाद क्वारंटाइन सेंटर में रोके गए लोग अब घर जाने की जिद कर रहे हैं। इसकी जानकारी होने पर एसडीएम और सीओ सिटी सेंट अंथोनी कॉलेज में बने क्वारंटाइन सेंटर पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को समझाया। कहा कि 13 अप्रैल को 14 दिन आइसोलोशन का पूरा होने पर उन्हें घर जाने दिया जाएगा।
प्रतापगढ़ से भेजे गए 18 सैंपल निकले नेगेटिव
कोरोना वायरस के दहशत के बीच जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर शुक्रवार की देर रात आई। प्रतापगढ़ से गुरुवार को जमाती समेत 18 संदिग्ध मरीजों का कोरोना वायरस का सैंपल एसपीजीआइ लखनऊ भेजा गया था। वहां से आई उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इस तरह प्रतापगढ़ में 70 नमूनों की जांच हो चुकी है। इसमें अब तक छह लोग पॉजिटिव मिले हैं। यह सभी जमात से संबंधित हैं। अभी कोई स्थानीय मरीज नहीं मिला है।