गर्मी के साथ उमस भी लोगों को खूब सता रही
उमस के कारण लोग पसीने से तर-बतर होते रहे। कूलर और पंखे जवाब दे जाने से लोग बेचैन रहे। न घर में राहत मिली और न बाहर।
By Brijesh SrivastavaEdited By: Published: Fri, 24 May 2019 10:46 PM (IST)Updated: Sat, 25 May 2019 10:45 AM (IST)
प्रयागराज: पिछले छह दिनों से तापमान में लगातार हो रही वृद्धि पर शुक्रवार को ब्रेक लग गया। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में मामूली कमी दर्ज हुई, लेकिन सुबह से ही तेज गर्मी के साथ जबर्दस्त उमस के कारण लोग परेशान रहे। उमस की वजह से कूलर और पंखे सुबह ही जवाब दे गए थे। शुक्रवार सुबह से ही चिलचिलाती धूप रही। इससे उमस काफी बढ़ गई। उमस के कारण लोग पसीने से तर-बतर होते रहे। कूलर और पंखे जवाब दे जाने से लोग बेचैन रहे। न घर में राहत मिली और न बाहर। जैसे-जैसे पारा चढ़ता गया, सूर्यदेव भी कहर ढाते गए। दोपहर में सड़कों पर आसमान से आग बरसी। लू के थपेड़े न सह पाने के कारण लोग इधर-उधर छांव तलाशते नजर आए, लेकिन ज्यादातर सड़कों पर पेड़ कट जाने से उन्हें छांव भी नहीं मिल सकी। बाजारों में सन्नाटे का आलम रहा। तेज धूप से सड़कें गर्म होने के कारण रात में भी धधकती महसूस हुईं। रात में भी उमस से लोगों को राहत नहीं मिली। दोपहर के समय रोज की अपेक्षा सड़कों पर कम भीड़ रही। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम पारा 0.2 डिग्री सेल्सियस कम होकर 45.8 डिग्री रहा और न्यूनतम तापमान 2.4 बढ़कर 31.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार-चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। वहीं, अधिकतम आद्र्रता 45 और न्यूनतम 27 फीसद रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 46 और न्यूनतम पारा 29 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विज्ञान की मानें तो अभी पारा और चढ़ेगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें