कौशांबी में संक्रामक रोग की दहशत, बुखार से हुई छठवीं मौत
मूरतगंज प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील सिंह ने बताया कि नगर पालिका परिषद भरवारी के वार्ड 19 में दो तालाब हैं। उन्हीं तालाबों में लोगों के घरों का दूषित पानी जाता है। गंदगी की वजह से कस्बे में संचारी रोग फैला हुआ है।
कौशांबी, जेएनएन। नगर पालिका भरवारी में संचारी रोग फैला हुआ है। बीमारी पर काबू पाने में स्वास्थ्य विभाग नाकाम साबित हो रहा है। मंगलवार को कस्बे के वार्ड नंबर-19 धर्मराज नगर में एक किशोर की मौत हो गई। कस्बे में अब तक कुल छह लोगों की मौत हो गई है। संक्रामक बीमारी से लोगों में दहशत है।
एक पखवारे से फैल रही बीमारी
पिछले एक पखवारे से भरवारी में फैली बीमारी जानलेवा साबित हो रही है। कस्बे के वार्ड नंबर-19 निवासी करन सिंह के 17 वर्षीय बेटे अजय की तबीयत तीन दिनों से खराब थी। स्थानीय इलाज के बाद राहत नहीं मिले तो मंझनपुर में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को मौत हो गई। इसमें पहले भी नगर पालिका भरवारी के धर्मराज नगर में देवराज की पत्नी गुड्डी देवी, प्रीति, नीता देवी और वार्ड नंबर 25 पंडित दीनदयाल नगर में संगीता देवी व गोलू की भी बुखार से हो चुकी है। अजय की मौत के बाद स्वजन काफी परेशान हैं। बीमारी से लोग सहमे हुए हैं।
गंदगी की वजह से फैला मर्ज
मूरतगंज प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील सिंह ने बताया कि नगर पालिका परिषद भरवारी के वार्ड 19 में दो तालाब हैं। उन्हीं तालाबों में लोगों के घरों का दूषित पानी जाता है। गंदगी की वजह से कस्बे में संचारी रोग फैला हुआ है।
कैंप में 21 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
नगर पालिका परिषद भरवारी में मंगलवार को चिकित्सकों की टीम ने कैंप लगाया, जिसमें 21 लोगों की हुई जांच हुई। तीन लोग बुखार से पीड़ित मिले। दो लोगों का ब्लड सैंपल लेकर डेंगू की जांच के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल भेजा गया है। मूरतगंज प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील सिंह ने बताया कि कस्बे के लोग बीमारी को छुपा रहे हैं जिसकी वजह से ठीक तरीके से उनका स्वास्थ्य परीक्षण नहीं किया जा रहा है