महज आठ फीसद कमीशन को संजय ने की देश से गद्दारी
एक ओर सीमा पर जवान देश की खातिर जान दांव पर लगा देते हैं।
इलाहाबाद : एक ओर सीमा पर जवान देश की खातिर जान दांव पर लगा देते हैं। वहीं प्रतापगढ़ जनपद के भगेसरा के संजय सरोज जैसे लोग भी हैं। जिन्होंने आतंकियों की मदद के लिए महज आठ फीसद कमीशन पर देश से गद्दारी करना स्वीकार कर लिया। सारी रकम के लेनदेन पर आतंकी संगठनों से संजय को तीन से आठ फीसद कमीशन तक मिलता था।
नगर कोतवाली के भगेसरा गांव निवासी संजय सरोज को टेरर फं¨डग के मामले में एटीएस ने 24 मार्च को उसके घर से गिरफ्तार किया था। उसकी गतिविधियों में शामिल रहे नीरज मिश्र को एटीएस ने संजय से ही फोन करके उसके घर बुलवाया था। एटीएस ने औवार निवासी ओम प्रकाश वनवासी, सुधाकर तिवारी को भी पकड़ा था, लेकिन उनकी संलिप्तता न पाए जाने पर दोनों को छोड़ दिया था।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ करने पर एटीएस के अधिकारियों को यह पता चला कि विभिन्न खातों में पाकिस्तान से जो पैसा संजय मंगवाता था, उसका कमीशन उसे आठ फीसद मिलता था। कमीशन काटने के बाद संजय पैसा उन खातों में डाल देता था, जिन खातों में पैसा भेजने के लिए कहा जाता था। एटीएस अभी यह जांच कर रही है कि तमिलनाडु के तीन खातों के अलावा जम्मू कश्मीर समेत अन्य प्रदेशों के किन-किन खातों में पैसा भेजा गया है।
इस बीच यह पता चला है कि भगेसरा के तमाम लोगों का खाता स्टेट बैंक की भगेसरा व सराय बहेलिया टाइनी शाखा, इलाहाबाद बैंक की सरायबहेलिया टाइनी शाखा में है। मंगलवार को स्टेट बैंक की दोनों टाइनी शाखाएं खुली रहीं, लेकिन इलाहाबाद बैंक की टाइनी शाखा बंद थी। उधर संजय की गिरफ्तारी के बाद अब उसकी मां, पत्नी समेत अन्य परिजन घर के बाहर नहीं निकल रहे हैं।