बेईमान मौसम : नवंबर बीतने को है पर सर्दी नहीं पकड़ सकी रफ्तार, जानें कारण Prayagraj News
आपको बता दें कि इस समय दिन और रात के तापमान में आधे का अंतर है। यानी रात के तापमान से दिन का तापमान दोगुना है। ऐसे में ठंड स्पीड नहीं पकड़ पा रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। मौसम का मिजाज इस बार समझ से परे है। नवंबर बीतने को है लेकिन सर्दी रफ्तार नहीं पकड़ सकी है। सुबह और रात में हल्की ठंडक महसूस हो रही है। दोपहर में धूप असर दिखाती है। दिन और रात के तापमान में भारी अंतर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 30.1 और न्यूतनम 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दोरसे मौसम से जनपद के निवासी परेशान हैं। गुरुवार को भी सुबह ठंड का एहसास हो रहा है।
छट चुके पूरब के बादल
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के अध्यक्ष एवं मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एसएस ओझा की मानें तो परिस्थिति इस बार बदली हुई है। पूरी दुनिया में गर्मी तेजी से और अधिक समय तक फैल रही है। वातावरण में ठंड कम होती जा रही है। बताया कि पूरब के बादल छट चुके हैं। हवाएं जोर मार रही हैं। प्रयागराज में सर्दी ने दस्तक तो दे दी है लेकिन अभी रफ्तार पकडऩे में समय लगे रहा है। 22 दिसंबर को सूरज मकर पर उतरेगा। इसी समय पछुआ विक्षोभ भी उतरना शुरू हो जाएंगे। इसके बाद सर्दी रफ्तार पकड़ लेगी।
रजाई और कंबल का बाजार गर्म
भले ही ठंड अभी रफ्तार नहीं पकड़ सकी लेकिन रजाई व कंबल के बाजार ने जरूर तेजी पकड़ ली है। सिविल लाइंस में तिब्बती मार्केट के सामने, नूरुल्ला रोड समेत कुछ अन्य जगहों पर फुटपाथ पर भी रजाई और कंबल की दुकानें सज गई हैं। तिब्बती मार्केट के सामने दुकान लगाने वाले सीतापुर से आए हैं। दुकानदार रफीक अहमद बताते हैं कि फाइबर रजाइयों की मांग ज्यादा है।
रजाई और कंबल के मूल्य
फैंसी रजाई-1800-2000 रुपये
एसी कंबल- 350 -550 रुपये
पोलो कंबल -200-350 रुपये
बिछाने का कंबल -150 -200 रुपये
मोटा कंबल -700 -2500 रुपये