रत्नजड़ित आभूषणों, पुष्पों से सजीं चंद्रघंटा स्वरूपा
इलाहाबाद : शक्ति आराधना के तीसरे दिन मंगलवार को भक्तों ने मां के चंद्रघंटा स्वरूप का पूजन
इलाहाबाद : शक्ति आराधना के तीसरे दिन मंगलवार को भक्तों ने मां के चंद्रघंटा स्वरूप का पूजन किया। घरों में दुर्गासप्तशती का पाठ कर साधकों ने मां से शौर्य प्राप्ति का आशिर्वाद मांगा। देवी मंदिरों में मां के चंद्रघंटा स्वरूप का मोहक श्रृंगार व पूजन किया गया। सिद्धपीठ मां चंद्रघंटा स्वरूपा मां क्षेमामाई के दर्शन-पूजन को भक्तों की भारी भीड़ जुटी। सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां का अभिषेक व पूजन किया गया। फिर रद्दों, आभूषणों और पुष्पों से मां की दिव्य प्रतिमा का भव्य श्रृंगार किया गया। व्रती महिलाओं ने भजनों से मां की महिमा का बखान किया।
सिद्धपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। लोगों ने मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन व पूजन कर स्वयं के कल्याण की कामना की। नवरात्र के तीसरे दिन स्वर्ण आभूषणों से मां के चंद्रघंटा स्वरूप का मोहक श्रृंगार किया गया। मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन करने के लिए मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ जुटी। सूर्यास्त के बाद मां की आरती उतारी गई। वहीं शतचंडी यज्ञ में सामूहिक आहुतियां डाली।