विशाखापत्तनम को रवाना हुई नेवल एनसीसी की स्टेट टीम, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेगी Prayagraj News
नेवल एनसीसी की स्टेट टीम का चयन प्रयागराज में हुआ। चयनित कैडेट को ईसीसी में महीने भर की ट्रेनिंग दी गई। अब वह विशाखापत्तनम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए टीम रवाना हुई।
प्रयागराज, जेएनएन। नौसेना राष्ट्रीय कैडेट कोर (नेवल एनसीसी) की राज्य स्तरीय टीम सोमवार को विशाखापत्तनम के लिए रवाना हो गई। टीम वहां पर तीन से 13 अक्टूबर तक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। फिर उस प्रतियोगिता से गणतंत्र दिवस (आरडी) परेड के लिए कैडेटों का चयन होगा।
इंटर ग्रुप कंप्टीशन के बाद प्रयागराज में राज्य स्तरीय टीम में 36 कैडेट चयनित हुए
प्रदेश भर में नेवल एनसीसी के सेंटर प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ में हैं। इनके बीच इंटर ग्रुप कंप्टीशन होने के बाद प्रयागराज में राज्य स्तरीय टीम के लिए 36 कैडेट का चयन किया गया। इसमें प्रयागराज के मनीष वर्मा, हर्ष प्रताप सिंह, शशांक मिश्रा, अरबाज खान, मोहम्मद अल्ताफ, प्रद्युम्न कुमार, अमित यादव, प्रगति और प्राची पांडेय हैं। चयनित सभी कैडेट को महीने भर प्रशिक्षण ईसीसी में दिया गया।
एनसीसी के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर बोले-सभी कैडेटों को पारंगत किया गया है
एनसीसी के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर ब्रजेश पांडेय ने बताया कि सभी कैडेट को नौसेना की गतिविधियों में पारंगत किया गया है। उनसे एक हजार मीटर की बोट रेस कराई गई। इसके अलावा फायङ्क्षरग, गार्ड आफ आनर, परेड, अलग-अलग मौके पर गांठ बांधने के तरीके आदि सिखाए गए। महीने भर की कड़ी मशक्कत के बाद इनको सोमवार को विशाखापत्तनम के लिए रवाना किया गया है।
ज्वाला देवी कॉलेज के छात्रों को स्वर्ण और कांस्य पदक
विद्या भारती की ओर से आयोजित 32वीं राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस के छात्रों ने परचम लहराया है। छात्रों ने मेधा का प्रदर्शन करते हुए तरुण वर्ग में स्वर्ण, किशोर और बाल वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया। बिहार के सिवान में 24 से 28 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में ज्वाला देवी के छात्रों ने पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के तहत शिरकत की थी। छात्रों की इस उपलब्धि पर उनके वापस आने पर कॉलेज के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र, प्रांत संगठन मंत्री (काशी प्रांत) डॉ. राम मनोहर, प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह, क्षेत्रीय शारीरिक प्रमुख जगदीश सिंह ने उनको सम्मानित किया।