My Saheli Program : प्रयागराज में आरपीएफ ने महिला यात्रियों को Coronavirus के प्रति किया जागरूक
My Saheli Program महानिदेशक आरपीएफ के निर्देश पर महिला सशक्तीकरण दिवस के उपलक्ष्य में माई सहेली प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया। इसमें आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज पर प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में महिला अधिकारी व महिला सिपाहियों की टीम ने ट्रेनों व प्लेटफॉर्म पर महिला यात्रियों को जागरूक किया।
प्रयागराज, जेएनएन। मिशन शक्ति के तहत आरपीएफ ने प्रयागराज में महिला यात्रियों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। इसके तहत कोरोना वायरस से बचाव के तरीके भी यात्रियों को बताया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन पर समस्या होने पर सूचित करने की बात भी कही। माई सहेली प्रोग्राम के तहत यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
महानिदेशक आरपीएफ के निर्देश पर महिला सशक्तीकरण दिवस के उपलक्ष्य में माई सहेली प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया। इसमें आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज पर प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में महिला अधिकारी व महिला सिपाहियों की टीम बनाई गई। टीम ने ट्रेनों व प्लेटफॉर्म पर महिला यात्रियों को जागरूक किया। उनकी समस्याओं को सुनकर निवारण करेंगी, कोविड -19 के बचाव से संबंधित भी सचेत किया।
महिलाओं को जहरखुरानी से बचाव की भी दी जानकारी
उपनिरीक्षक रितु व उप निरीक्षक ज्योति शर्मा, हमराह स्टाफ महिला कांस्टेबल मनप्रीत कौर, ममता मौर्या, कुसुम व अनु ने महिला जागरूकता के तहत तीन ट्रेनों (गाड़ी संख्या 02388, 05159, 01071) में और प्लेटफॉर्म पर महिला यात्रियों को जागरूक किया। इस दौरान महिलाओं को जहरखुरानी और कोरोना के बचाव के बारे में भी जानकारी दी। महिला यात्रियों को बताया गया कि किसी अपरिचित व्यक्ति से खाद्य सामग्री न लें। पंफ्लेट बांटकर किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 182 पर फोन कर समस्या बताने के लिए सूचित करें।
महिला सम्मान के लिए किया जागरूक
मिशन शक्ति के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के लिए सरकार की ओर से समाज को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सिविल लाइंस रोडवेज बस अड्डे पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। एआरएम सिविल लाइंस सीबी राम ने महिला सुरक्षा और महिला सम्मान के लिए लोगों को जागरूक किया। इसके बाद चालक और परिचालकों ने शपथ पत्र भी भरा। महिलाओं को हेल्पलाइन के बारे में भी बताया गया। इस मौके पर एआरएम प्रयाग वीएन तिवारी, एआरएम वित्त राकेश कुमार, एआरएम जीरो रोड रविन्द्र कुमार के अलावा कई यात्री मौजूद रहे।