यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 10, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इलाहाबाद में बदमाशों के हौसले बुलंद, डीजीपी व चीफ सेक्रेटरी के आगमन के दौरान वकील की हत्या
इलाहाबाद में आज मनमोहन पार्क के बाद दिन में करीब दस बजे राजेश श्रीवास्तव को बाइक सवार बदमाशों ने गोली ...और पढ़ें

इलाहाबाद (जेएनएन)। संगमनगरी इलाहाबाद में बदमाशों के हौसले बेहद बुलंद हैं। भाजपा नेता की हत्या के दो दिन बाद ही आज दिनदहाड़े मनमोहन पार्क के बाद एक वकील की हत्या कर दी गई। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मनमोहन पार्क के पास कचहरी जा रहे अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव की बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उनकी हत्या से नाराज वकीलों ने पहले सड़क पर शव रखकर जाम लगाया और कचहरी में खराब कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर नारेबाजी कर बवाल किया। इस दौरान सिटी बस को आग के हवाले कर दिया गया। डीजीपी ओपी सिंह भी मीडिया से बचते हुए मीटिंग में चले गए।
अधिवक्ता के आश्रितों को सरकार देगी 20 लाख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद में अधिवक्ता राजेश कुमार श्रीवास्तव की हत्या पर गहरा दुख प्रकट किया है। योगी ने अधिवक्ता के परिवारीजन को 20 लाख रुपये आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की है। उन्होंने इस घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। योगी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए परिवारीजन के प्रति सहानुभूति और संवेदना व्यक्त की है।
इलाहाबाद में आज मुख्य सचिव, डीजीपी तथा प्रमुख सचिव गृह की मौजूदगी पर जिला व पुलिस प्रशासन के बेहद मुस्तैद होने का दावा था, इसके बाद भी बदमाश भाग निकले। वकील की हत्या की खबर पर वकीलों ने जमकर हंगामा किया । मनमोहन पार्क के पास नलिनी फोटो स्टेट के सामने राजेश श्रीवास्तव को बदमाशों ने भीड़ के बाद भी गोली मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इलाहाबाद जनपद न्यायालय के अधिवक्ता राजेंद्र श्रीवास्तव को बदमाशों ने उस समय गोली मारी जब वह कचहरी जा रहे ते। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मामला थाना कर्नलगंज क्षेत्र के मनमोहन पाक के पास का है। अपने साथी की हत्या की खबर पर वकील काफी आक्रोशित हो गए। वकीलों ने वहां पर जाम लगाने के साथ ही गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। वकीलों ने विकास भवन के पास भी आगजनी की है। साथी वकील की हत्या से नाराज वकीलों ने एक बोलेरो गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया। वकीलों के आक्रोश को देखते हुए कलेक्ट्रेट के आस-पास के इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई। आरएएफ समेत कई थानों की फोर्स को भी मौके पर तैनात कर दिया गया है। अधिवक्ता को किसने और क्यों गोली मारी इसका पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुट गई है।
इलाहाबाद में एक वक़ील की सरेआम हत्या, प्रदेश में ध्वस्त क़ानून व्यवस्था का सबूत है. इस सरकार ने प्रदेश को रक़्तरंजित कर दिया है. प्रदेश की जनता भय के माहौल में घुटन महसूस कर रही है और इस सरकार से मुक्ति के लिए छटपटा रही है. सरकार अपराधियों के हाथ का खिलौना बन गयी है.
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 10, 2018
दूसरी तरफ वकील की हत्या से आक्रोशित उनके साथियों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर एसआरएन हास्पिटल के पास चक्का जाम कर दिया। दूसरी तरफ आक्रोशित भीड़ ने जनपद न्यायालय के बाहर बोलेरो गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। जिलाधिकारी ऑफिस के पास एक बस को भी फूंक दिया। वारदात तब हुई जब चीफ सेक्रेटरी राजीव कुमार व डीजीपी उत्तर प्रदेश ओम प्रकाश सिंह के साथ प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार भी शहर में मौजूद हैं। तीनों अफसर शहर में कुम्भ की तैयारियों की समीक्षा बैठक करने पहुंचे हैं। जिस स्थान पर वकील की गोली मारकर हत्या की गई है, उस रास्ते भी निरीक्षण करते हुए दस मिनट पहले डीजीपी गुजरे थे।
हत्या के विरोध में वकीलों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सडक जाम कर एसएसपी आफिस के पास सिटी बस में आग लगा दी। हाइकोर्ट के पास भी वकीलों का हंगामा शुरू हो गया है। अधिवक्ता के शव को मेडिकल चौराहे के मोड़ पर रखकर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। तहसीलों में भी वकीलों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
.jpg)
गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' के करीबी समर्थक तथा फूलपुर नगर पंचायत के सभासद पवन केसरी की रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने से पवन का साथी आरिफ और फूलपुर कस्बे की उर्मिला भी जख्मी हो गए। इन दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना से नाराज समर्थकों ने अस्पताल में जमकर हंगामा भी किया। फूलपुर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात से सनसनी फैल गई। व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस व पीएसी तैनात की गई। फूलपुर नगर पंचायत क्षेत्र में लोचनगंज निवासी पवन केसरी (35) पुत्र राधेश्याम, लोचनगंज से भाजपा के सभासद थे। उन्हें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और काबीना मंत्री नंद गोपाल नंदी का नजदीकी माना जाता था। पूर्व में वह भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के मंत्री भी रह चुके थे।
