Murder and Suicide Case : दो माह में कई बार गांव आया था बादल, क्यों आता था रहस्य है Prayagraj News
Murder and Suicide Case दो माह पहले सपना के पति ने उसे घर से निकाल दिया था तभी से वह अपनी दोनों बेटियों के साथ मायके में रह रही थी। सुलह के लिए बादल को बुलाया जाता था।
प्रयागराज, जेएनएन। मलाक हरहर गांव के लोगों के मुताबिक दो माह में कई बार विनोद यहां आया था। वह क्या करने यहां आता था, इस बारे में कोई कुछ नहीं बता पा रहा है। वहीं, बादल के भाई शिव मिलन का कहना है कि शनिवार रात 8:30 बजे तक बादल घर नहीं आया तो उन्होंने उसे मोबाइल पर फोन किया लेकिन मोबाइल बंद था। संदेह होने पर वे मलाक हरहर गांव गए थे, जहां बादल मिल गया था। इससे पहले वह यहां कब आया था, इस बारे में वह कुछ नहीं बता सके।
पति विनोद ने सपना को घर से निकाला तो वह मायके में रह रही थी
दो माह पहले सपना के पति ने उसे घर से निकाल दिया था तभी से वह अपनी दोनों बेटियों के साथ मायके में रह रही थी। दोनों पक्षों में सुलह हो जाए, इसके लिए बादल को बुलाया जाता था। हालांकि यह बात भी विनोद को नागवार गुजरती थी। इसे लेकर उसने बादल के बड़े भाई शिव मिलन से मिलकर कहा भी था। शिवमिलन का कहना है कि सपना और विनोद के बीच हमेशा अनबन चलती थी। कई बार बादल ने बिना किसी को बताए दोनों पक्षों से बातचीत की थी। उसने बताया था कि सपना किसी से मोबाइल पर बात करती है। संभवत: वह सिपाही है।
क्रास तहरीर पर केस दर्ज हुआ
वारदात के बाद प्रेमचंद्र यादव ने पुलिस को तहरीर दी। कहा कि बादल रात को उसके घर आया। खाना खाकर कमरे में सोने चला गया। भोर में उठा और तमंचे से पुत्री सपना को गोली मारने के बाद खुद को गोली मार ली। पुलिस ने तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर लिया। उधर, शिव मिलन ने भी पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि साजिश के तहत उसके भाई को प्रेमचंद्र, उसकी पत्नी, दामाद विनोद, पुत्रियां सपना, मानसी व सबसे छोटी ने बुलाया। इसके बाद बादल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसी में सपना की भी जान चली गई।
शवों का हुआ अंतिम संस्कार
सपना और बादल के शव का डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम किया। दोनों के शरीर से एक-एक गोली मिली। इसके बाद सपना के शव को उसके मायके वाले लेकर चले गए। वहीं, बादल के शव को शिव मिलन व अन्य स्वजन लेकर घर पहुंचे। दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बोले, इंस्पेक्टर सोरांव
सोरांव थाने के इंस्पेक्टर रामचरन वर्मा कहते हैं कि अभी तक की जांच में यह पता चला है कि बादल ने पहले सपना को और फिर खुद को गोली मारी। दोनों के बीच नोकझोंक हुई थी। मृतका के पति से पूछताछ की जा रही है। प्रेम संबंध जैसी कोई बात अभी सामने नहीं आई है। इस ङ्क्षबदु के साथ ही अन्य कई चीजों को खंगाला जा रहा है।