Mulayam Singh Yadav Death: प्रयागराज के सपा नेता व कार्यकर्ता गमगीन, दी जा रही श्रद्धांजलि
Mulayam Singh Yadav Death प्रयागराज में मुलायम सिंह यादव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए जगह-जगह सपा नेताओं ने हवन और पूजन किया था। शीघ्र स्वस्थ होने के साथ ही दीर्घायु होने की कामना भी की जा रही थी। वहीं उनके निधन से वे गमगीन हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। Mulayam Singh Yadav Death समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव अब नहीं रहे। उनके निधन का समाचार सुन प्रयागराज के सपा नेता, कार्यकर्ता व पदाधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई। सब के सुख-दुख में शामिल होने वाले, उनका हालचाल लेने वाले अभिभावक के निधन से उनकी आंखें नम हैं। जगह-जगह श्रद्धांजलि देने का भी क्रम शुरू हो गया है।
राजनीति में नेताजी के नाम से प्रख्यात थे मुलायम सिंह यादव : उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक और भारतीय राजनीति के दिग्गज मुलायम सिंह यादव पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका निधन हो गया है। देश के रक्षामंत्री से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का उन्होंने दायित्व निभाया था। करीब चार दशक तक राजनीति में उनका परचम लहराया था।
प्रयागराज में शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए पूजन-अर्चन हुआ था : प्रयागराज में मुलायम सिंह यादव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए जगह-जगह सपा नेताओं ने हवन और पूजन किया था। शीघ्र स्वस्थ होने के साथ ही दीर्घायु होने की कामना भी की जा रही थी। वहीं उनके निधन से वे गमगीन हो उठे हैं। 82 वर्ष की आयु में अपने प्रिय नेताजी के निधन से हर ओर शोक का माहौल है।